- Hindi News
- National
- Yamunanagar News Haryana News Bike Rider Seized Purse Full Of Two Lakh Jewels From Mother And Daughter Of Activa Rider
एक्टिवा सवार मां-बेटी से बाइक सवार ने दो लाख के गहनों से भरा पर्स झपटा
रेलवे रोड पर ईएसआई अस्पताल के नजदीक एक्टिवा सवार मां-बेटी से बाइक सवार युवक ने दो लाख रुपए के गहनों से भरा पर्स व मोबाइल छीन लिया। लालद्वारा की जैन विहार कॉलोनी निवासी तलविंद्र कौर ने बताया कि शुक्रवार को वह अपने मां के साथ मधु चौक के पास स्थित एटीएम से नकदी निकलवा कर घर लौट रहे थे। यह नकदी छोटी लाइन स्थित करियाना वाले को देकर वह रेलवे रोड से घर की तरफ आ रही थी। एक्टिवा वह चला रही थी, जबकि उसके पीछे उसकी मां बैठी हुई थी। ईएसआई अस्पताल के पास पहुंचते ही उसके पास फोन आ गया। वह फोन सुनने लगी। तभी पीछे एक बाइक सवार युवक आया, जिसने मुंह पर कपड़ा लपेट रखा था। इससे पहले वह कुछ समझ पाती आरोपी उसकी मां के हाथ से पर्स व उसका मोबाइल छीन ले गया। पर्स में एक हजार रुपये, दो लाख रुपए की दो सोने की चेन विद लॉकेट, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एक्टिवा की आरसी व अन्य सामान था। उसने शोर मचाया और आरोपी का पीछा कर पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी भागने में कामयाब रहे। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूर्व विधायक के नौकर पर हमला कर दस हजार और सोने की चेन लूटी
यमुनानगर| बदमाशों ने फिर से लूट की वारदात को अंजाम दिया है। इस बार पूर्व विधायक दिलबाग सिंह के नौकर पर हमला कर बदमाशों ने 10 हजार रुपए कैश और सोने की चेन लूट ली। उसने शिकायत सदर यमुनानगर पुलिस को दी है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। सदर यमुनानगर थाना प्रभारी सुखविंद्र सिंह ने बताया कि हमने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बदमाशाें की तलाश की जा रही है। गांव तलाशगढ़ निवासी गुरदेव सिंह ने पुलिस को शिकायत दी है कि वह पूर्व एमएलए दिलबाग सिंह के पास नौकरी करता है। वह उनके खेतों से शाम के समय यमुनानगर आ रहा था। जब वह गांव ईशोपुर के पास पहुंचा तो तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया। उन्होंने उस पर हमला कर दिया और उससे 10 हजार रुपए कैश और सोने की चेन छीन ली। बदमाश वहां से फरार हो गए।