बाइक चोरी के आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
थाना कलायत पुलिस ने चोरी का प्रयास तथा बाइक चोरी करने के दो अलग-अलग मामलों का दूसरा आरोपी गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चोरीशुदा बाइक को पहले ही बरामद किया जा चुका है। सोमवार को आरोपी न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि चोरी का प्रयास तथा बाइक चोरी के दो अलग-अलग मामलों की जांच थाना प्रबंधक कलायत एसआई विलाशाराम की अगुवाई में एसआई रघबीर सिंह तथा एचसी नरेश कुमार की टीम ने करते हुए 8 मार्च को गांव शिमला में रेड करके आरोपी अजय निवासी शिमला को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना कलायत में राजेश निवासी शिमला की शिकायत अनुसार 3 मार्च की रात करीब 1.30 बजे तीन व्यक्ति उसके मकान में चोरी की नियत से घुसे, लेकिन उसके जागने के कारण कुछ भी सामान चोरी न कर सके तथा मौके पर अपनी बाइक छोड़कर भाग गए। पुलिस ने मौके पर बरामद बाइक, जांच के दौरान हवा सिंह निवासी शेरखा खेड़ी की पाई गई जिसकी शिकायत पर थाना कलायत में 27 फरवरी को दर्ज मामले अनुसार उसकी बाइक 21 फरवरी को खडालवा मंदिर के बाहर से अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर ली थी। उक्त मामलों में आरोपी रणदीप पहले ही पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ के बाद आरोपी को अदालत में पेश कर दिया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।