भाजपा-जजपा प्रदेश का सबसे कमजोर गठबंधन : निर्मल सिंह
भाजपा-जजपा गठबंधन अब तक का प्रदेश का सबसे कमजोर गठबंधन है जो ज्यादा दिन चलने वाला नहीं है। जल्द यह गठबंधन टूट जाएगा जिसके बाद प्रदेश में कभी भी मध्यवर्ती विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। यह बात प्रदेश के पूर्व मंत्री चौधरी निर्मल सिंह ने वीरवार को शहर के छोटाबांस में नगर पार्षद दलीप सिंह रिंकू के निवास पर आयोजित पत्रकारवार्ता में कही। पूर्व मंत्री निर्मल सिंह 15 मार्च को अनाज मंडी अम्बाला में आयोजित होने वाली रैली को लेकर धौलरा, पोटली व छोटाबांस पहुंचे थे। उन्होंने ग्रामीणों को अम्बाला रैली में पहुंचने का न्यौता दिया। पूर्व मंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनावों में भाजपा व जजपा ने जनता से किया गया कोई भी वादा पूरा नहीं किया। चुनावों में बुजुर्गों को 5100 रुपए प्रति माह पेंशन दिए जाने का वादा किया गया था, लेकिन आज तक वादा पूरा नहीं किया गया। जनता अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रही है। इस अवसर पर संजू सांगवान धौलरा व सतपाल सैनी मौजूद थे।
रादौर | छोटाबांस में कार्यकर्ताओं की बैठक लेते पूर्व मंत्री निर्मल सिंह।