- Hindi News
- National
- Bawal News Haryana News Booked Scorpio By Giving 500 Rupees In Advance Mortgage And Car Looted As Soon As They Leave The Village
500 रुपए एडवांस देकर बुक की स्कॉर्पियो, गांव से निकलते ही बंधक बना गाड़ी और नकदी लूटी
बावल क्षेत्र के गांव बीदावास का मामला, तिजारा जाने को पड़ोसी रायपुर निवासी चालक की बुक की थी स्कॉर्पियो
चालक के सिर पर लोहे के धारदार हथियार से हमला करके दो बदमाशों ने स्कॉर्पियो व नकदी लूट ली। घटना बावल क्षेत्र के गांव बीदावास की है। आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक को कोटकासिम रोड स्थित गांव की बणी में फेंककर फरार हो गए। होश आने के बाद पीड़ित चालक अपने घर पहुंचा और मामले की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बावल पुलिस ने चालक के बयान मिलने के बाद दोनों युवकों को नामजद करके लूट का केस दर्ज कर लिया है।
10 मार्च को अग्रिम राशि देकर की थी बुकिंग : गांव रायपुर निवासी ललित कुमार ने बताया कि उसके पास स्कार्पियो गाड़ी है जिसको वह बुकिंग पर चलाता है। 10 मार्च को निकटवर्ती बीदावास गांव निवासी कृष्ण कुमार उसके घर आया और 13 मार्च को अलवर के तिजारा जाने की बात कही। इसके बाद किराया तय होने के बाद आरोपी ने ललित कुमार को अग्रिम तौर पर 500 रुपए भी दे दिए और शुक्रवार को अपने घर बुला लिया। ललित भी तय समय पर कृष्ण कुमार के घर पर पहुंच गया जिसके बाद आरोपी व उसका एक साथी कुछ समय बाद स्कार्पियो में सवार हो गए और तिजारा चलने को कहा। पीड़ित ने बताया कि जब वे कोटकासिम की तरफ रवाना हुए तब लगभग 2 किलोमीटर दूर ही गांव के बणी में पहुंचे थे। दोनों ही चालक के पीछे सीट पर बैठे हुए थे और उन्होंने वहां पहुंचते ही चालक के सिर पर किसी लोहे के हथियार से तेज प्रहार किया। अचानक हुए हमले के बाद चालक घबरा गया और अधिक चोट की वजह से बेहोश होकर सीट पर ही गिर गया। घटना के बाद आरोपी ललित के पास मौजूद मोबाइल, 1700 रुपए की नकदी के अलावा उसकी स्कार्पियो छीनकर फरार हो गए।
बणी में अंदर फेंककर हुए फरार
पीड़ित ने बताया कि वारदात के बाद दोनों आरोपी उसे बणी के अंदर फेंककर चले गए और सिर में चोट होने की वजह से वह काफी समय तक बणी में ही पड़ा रहा। घटना के बाद वहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने उसे पड़े हुए देखा तो उसे संभाला और काफी समय बाद होश आया। घटना के बाद उसने अपने परिजनों को मामले की सूचना दी जिसके बाद उसके परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। यहां से उसे बावल लेकर गए और उपचार कराकर उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बयान मिलने के बाद आरोपी कृष्ण व उसके साथी को नामजद करके लूट का केस दर्ज कर लिया है।