- Hindi News
- National
- Pai News Haryana News Brokers Will Have To Open New Current Accounts Before Purchasing Crops
फसल खरीदने से पूर्व आढ़तियों को खुलवाने होंगे नए चालू खाते
फसल खरीद की किसान को अदायगी करने के लिए आढ़तियों को नए चालू खाते बैंकों में खुलवाने होंगे। इससे आढ़तियों में रोष है। पाई मंडी प्रधान रणधीर सिंह, आढ़ती राम कुमार, सत नारायण ने बताया कि सरकार ने खरीद एजेंसियों को आदेश दिए कि फसल की अदायगी किसानों के सीधे खातों की बजाए आढ़तियों के माध्यम से होगी। लेकिन इसमें आढ़तियों को नया खाता खुलवाना होगा। नए खातों में ही खरीद एजेंसियां पीएफएमएस के तहत ही भुगतान करेंगी। किसानों को आढ़तियों के द्वारा इसी खाते से फसल की सारी अदायगी करनी होगी।
उन्होंने बताया कि सरकार की यह योजना गलत है। आढ़तियों के बैंकों में कई साल पुराने खाते हैं। उन पर कृषि लिमिट भी बनवा रखी है। जिसमें किसानों को लेन-देन करना होता है। आढ़ती तो ऐसे में अदला बदली करते रह जाएंगे।
उन्होंने सरकार से पहले की तरह ही अदायगी करने की मांग की है। उधर इस बारे में जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक वीरेंद्र सिंह ने बताया की सरकार की तरफ से ऐसे आदेश आए हैं।
मार्केट कमेटियों के द्वारा आढ़तियों को जल्दी ही नए चालू खाते खोलने के लिए कहा जाएगा। उधर डीएफएससी ने बताया की आढ़तियों की धान की आढ़त व मजदूरी पिछले काफी समय से बजट न होने के कारण रुकी हुई थी। कैथल जिले की यह राशि साढ़े 19 करोड़ रुकी हुई थी। जिसमें से सरकार ने 6 करोड़ अलाट कर दी है। यह राशि अपने विभाग के माध्यम से 13 मार्च से आढ़तियों को देनी शुरू कर देंगे।