- Hindi News
- National
- Tohana News Haryana News Btech Pass Youth Dies Due To Drowning In Siddhmukh Canal
सिद्धमुख नहर में डूबने से बीटेक पास युवक की मौत
एक युवक की नहर में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बैंक कॉलोनी निवासी महावीर सिंह के रूप में हुई है। मृतक का एक भाई व दो बहन है तथा बीटेक पास महावीर सिंह नौकरी के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।
जांच अधिकारी एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि महावीर सिंह अपने 5 अन्य दोस्तों के साथ मंगलवार को हिसार रोड स्थित सिद्धमुख नहर के किनारे घूमने गया था। वापस चलते समय महावीर सिंह ने कहा कि चलो नहर में नहाते हैं। इस पर दूसरे बोले कि हमें तैरना तो आता नहीं इसलिए थोड़ी दूरी पर स्थित फतेहाबाद ब्रांच नहर में नहा लेंगे लेकिन महावीर सिंह ने दूसरे किनारे पर जाकर नहर में छलांग लगा दी। चूंकि उसे तैरना आता नहीं था इसलिए वह बचने के लिए हाथ-पांव मारने लगा। उसकी आवाज सुनकर उसके दोस्तों में से दो ने नहर में छलांग लगा दी। हालांकि उन्हें भी अधिक तैरना नहीं आता था। इस पर उन्होंने नहर किनारे बैठे अन्य लोगों को मदद के लिए आवाज दी।
तभी कुछ लोगों ने नहर में उतरकर उसे बचाना चाहा तो महावीर नहर के पानी में नीचे चला गया। इस पर उन्होंने एक चैन बना ली ताकि वह आगे न जाने पाने। कुछ ही देर में वह ऊपर आया तो उसे बाहर निकाल लिया। उसके बाद उसे नागरिक अस्पताल ले जाया गया तो वहां चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
जांच अधिकारी ने बताया कि मृतक के पिता प्रेम सिंह के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई करते हुए मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर वारिसों को सौंप दिया गया।