- Hindi News
- National
- Jind News Haryana News Cctv Was To Be Installed At 20 Points Deputy Cm Ordered 58 Points
20 पॉइंट पर लगने थे सीसीटीवी, डिप्टी सीएम ने दिए आदेश तो बने 58 पॉइंट
शहर में सीसीटीवी लगाए जाने के मामले को डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला द्वारा बैठक में अधिकारियों को दिए गए निर्देशों के बाद प्रशासन हरकत में आ चुका है। निर्देश मिलने के बाद सीसीटीवी लगाने के लिए पीडब्ल्यूडी और पुलिस की संयुक्त रूप से शहर की लोकेशन भी चेक की गई। पहले शहर में 20 पॉइंट पर ही सीसीटीवी लगने थे, लेकिन निरीक्षण के बाद अब कुल 58 नई लोकेशन सामने आई है। इसके कारण सीसीटीवी का एस्टीमेट 4.5 करोड़ से बढ़कर 9 करोड़ तक पहुंच गया है। फिलहाल विभाग के पास 4.5 करोड़ रुपए का ही बजट मौजूद है, ऐसे में सीसीटीवी लगाने की लोकेशन कम की जा सकती है और बजट को लेकर सरकार को लिखा जा सकता है। रविवार को डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने अधिकारियों की बैठक ली थी, जिसमें सीसीटीवी न लगने पर सख्ती से जवाब मांगा था और इसे पीडब्ल्यूडी को सौंपा था। अब सीसीटीवी को लेकर 18 मार्च को जिला उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों की लघु सचिवालय में बैठक बुलाई है, जिसमें शहर में लगने वाले सीसीटीवी प्रोजेक्ट पर फाइनल मोहर लगाई जा सकती है। बैठक में जींद शहर के अलावा अन्य मुख्य मार्गों व चौराहों पर भी सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिस पर भी इस बैठक में चर्चा की जाएगी।
अक्टूबर 2017 में की थी सीएम ने घोषणा
जींद शहर में सीसीटीवी कैमरे लगाने की घोषणा सीएम मनोहरलाल ने अक्टूबर 2017 में की थी। इसका काम नगर परिषद को सौंपा गया था। बकायदा टेंडर भी जारी कर दिए गए थे। उस समय शहर की 20 लोकेशन फाइनल की गई थी, जहां पर 80 कैमरे लगाए जाने थे। बाद में मामला पुलिस विभाग के अधीन कर दिया गया। तब से फाइल गृह मंत्रालय में ही घूम रही है, लेकिन अब डिप्टी सीएम ने यह काम पीडब्ल्यूडी की इलेक्ट्रिक विंग को सौंप दिया है।
मुख्य मार्गों पर लगेंगे आप्टिक फाइबर वाले सीसीटीवी : रविवार को डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने अधिकारियों की बैठक ली थी। बैठक में दुष्यंत चौटाला ने निर्देश दिए थे कि शहर के सभी मुख्य मार्गों व चौराहों पर आप्टिक फाइबर वाले सीसीटीवी लगवाए जाएं।
सीसीटीवी लगाने का काम पीडब्ल्यूडी की इलेक्ट्रिक विंग को सौंपा गया है। इस पर काम शुरू कर दिया गया है। नई लोकेशन देखी गई है। फिलहाल 58 नई लोकेशन सामने आई है। एस्टीमेट तैयार किया गया है। इस पूरे प्रोजेक्ट को 18 मार्च को उपायुक्त की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में रखा जाएगा। परमेश, एसडीओ, इलेक्ट्रिक विंग, पीडब्ल्यूडी, जींद।
जींद. रानी तालाब के पास लगे सीसीटीवी कैमरे, जो काफी समय से खराब पड़े हैं।