- Hindi News
- National
- Ismailabad News Haryana News Chance Of 25 To 30 Loss In Mustard Potato Wheat Crops Due To Rain
बारिश से सरसों, आलू, गेहूं की फसलों में 25 से 30% का नुकसान की संभावना
बेमौसमी बरसात के चलते जहां ठंड बढ़ी है। वहीं किसानों के पीले सोने पर भी संकट के बादल छाने लगे हैं। किसानों को बेमौसमी बरसात के कारण होने वाले नुकसान की आशंका से घबराहट हो रही है। किसान दीप चंद शर्मा जलवेहडा, बृजलाल, राजेश शर्मा जंधेड़ी, विष्णुदत्त, निर्मल सिंह दानीपुर से रामेश्वर व अनिल कुमार आदि ने बताया कि 48 घंटों से लगातार हो रही बेमौसमी बरसात से फसलों में खासा नुकसान हो रहा है।
इसमें सरसों, आलू, गेहूं आदि फसलों में 25 से 30 प्रतिशत का नुकसान होने का संभावना है। ओलावृष्टि के कारण पशुचारा भी नष्ट हो गया है। वहीं मौसम खराब के कारण पशुओं ने दूध भी देना कम कर दिया है। फसलों में हुए नुकसान को लेकर किसानों ने सरकार से मांग की है कि किसानों पर आए इस संकट के चलते सरकार फसलों की स्पेशल गिरदावरी कराकर किसानों को हुए उनके नुकसान की भरपाई करे ताकि किसान इस आर्थिक नुकसान से थोड़ा बच सकें। पशु चिकित्सक विशाल सिंधवानी ने कहा कि अपने पशुओं को ठंड के मौसम में ताजा पानी पिलाएं। पशुओं को सुरक्षित स्थान पर ही बांधें जहां सीधे हवा न आती हो। पशुओं को किसी पल्ली से ढक कर रखें और समय समय पर तारामीरां व गुड़ का सेवन करवाएं।