- Hindi News
- National
- Bhiwani News Haryana News Changing Lines Will End The Problem Of Sewer Jams And Dirty Water
लाइनें बदलने से खत्म होगी सीवर जाम व गंदे पानी की समस्या
पिपली वाली जाेहड़ी क्षेत्र में सीवर व बरसाती नाले जाम होने से घरों में दूषित पेयजल की आपूर्ति हो रही है। विधायक व उच्चाधिकारियों के आदेश पर विभाग के कर्मचारी सीवर मैन होल में फट्टी मारकर एक बार तो समस्या का समाधान करवा देते हैं लेकिन कुछ दिनों बाद फिर से वहीं स्थिति पैदा हो जाती है। हालांकि विभाग ने दूषित पेयजल समस्या का स्थाई समाधान करने के लिए मास्टर प्लान तैयार कर लिया है। शुक्रवार को पिपली वाली जोहड़ी क्षेत्र में सीवर युक्त पेयजल सप्लाई के विरोध में जनवादी महिला समिति की सदस्यों ने लघु सचिवालय के बाहर प्रदर्शन किया और डीसी को ज्ञापन सौंपकर समस्या के स्थाई समाधान की मांग की है।
पिपली वाली जोहड़ी क्षेत्र समेत शहर के अनेक इलाकों में सीवर जाम की समस्या बनी हुई है। विशेषकर पुराने शहर में सीवर जाम से जलभराव के साथ घरों में सीवर युक्त पानी की सप्लाई हो रही है। हालांकि विभाग के अधिकारियों के प्रयासों से पुराने शहर में अधिकतर कालोनी व गलियों में दूषित पेयजल आपूर्ति की समस्या का समाधान कर दिया गया है। इसके बावजूद कुछ स्थानों पर ओवर साइज पेयजल कनेक्शन व घरों में जाने वाली जर्जर पाइप के कारण समस्या बनी हैं। इसे दुरुस्त करने का विभाग प्रयास कर रहा हैं। डीसी ने समस्या का जल्द स्थाई समाधान करवाने का आश्वासन दिया।
अभी तक ये किए गए प्रयास : कालोनी निवासियों की शिकायत पर 14 जनवरी को पंचकूला से आए चीफ इंजीनियर ने मौके पर पहुंचकर पिपली वाली जोहड़ी व हनुमाढाणी क्षेत्र में ठप सीवर व्यवस्था का जायजा लिया था और मौके पर विभाग के अधिकारियों से सीवर समस्या के स्थाई समाधान के आदेश दिए थे। अधिकारियों की मांग पर उन्हें एक महीने में समस्या के समाधान का समय दिया था। विधायक घनश्याम सर्राफ से भी प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर लोगों को समस्या के स्थाई समाधान का भरोसा दिलाया था। विभाग के अधिकारियों ने समस्या के समाधान के लिए सीवर मेन होल की सफाई करवाई लेकिन 10 दिन बाद फिर से सीवर मैन होल से पानी निकलने लगा।
विभाग ने लगभग 20 स्थानों पर पेयजल लाइनों की जांच की तो घरों में जाने वाली पाइप लाइन लीकेज मिली, जिसे विभाग ने ठीक किया। इसके बावजूद कुछ स्थानों पर घरों जाने वाली पाइप लाइन लीकेज होने के कारण समस्या का स्थाई समाधान नहीं हो पाया है।
अप्रैल में शुरू हो जाएगा काम
शहर में जहां जहां सीवर व पेयजल समस्या बनी हुई वहां स्थाई समाधान करवाया जाएगा। कुछ कार्य अमरुत योजना के तहत किए जाएंगे और लाइन शिफ्टिंग के शेष कार्य विभाग के माध्यम से किए जाएंगे। उम्मीद है कि अप्रैल के प्रथम सप्ताह में विभाग पुराने शहर में पेयजल लाइन शिफ्टिंग का काम शुरू कर देगा।\\\'\\\' - बलवान शर्मा, कार्यकारी अभियंता, जनस्वास्थ्य विभाग|
लोगों की समस्याओं का जल्द होगा समाधान
1. शहर में अमरुत व जनस्वास्थ्य विभाग की पुरानी लाइनों की शिफ्टिंग योजना से सीवर व दूषित पेयजल आपूर्ति की समस्या का स्थाई समाधान किया जाएगा। शहर में लगभग 68 करोड़ की लागत से अमरुत योजना के तहत स्ट्रॉम वाटर, सीवर व पेयजल लाइनों का कार्य चल रहा हैं। अमरुत योजना के तहत रोहतक गेट, दादरी गेट व हनुमान गेट तक के क्षेत्र में स्ट्राॅम वाटर निकासी के लिए पाइप लाइन दबाई जाएगी। इसके अलावा हनुमान गेट से पिपली वाली जोहड़ी क्षेत्र में लगभग 500 मीटर तक भी बरसाती पानी निकासी के लिए पाइप दबाने की व्यवस्था की जाएगी। इसके अतिरिक्त शहर के अनेक भागों में स्ट्रॉम वाटर पाइप लाइन दबाने का कार्य चल रहा है।
2. शहर में जर्जर हो चुकी सभी पेयजल लाइनों के स्थान पर नई लाइन डालेगा। इसके लिए विभाग ने एस्टीमेट बनाकर सरकार को भेज दिया है और सरकार ने लगभग साढ़े 11 करोड़ की राशि शहर में पेयजल लाइनों की शिफ्टिंग के लिए मंजूर की है।
जनवादी महिला समिति की जिला सचिव बिमला घनघस, उप-प्रधान संतोष देशवाल, पिपलीवाली जोहड़ी क्षेत्र निवासी कलावती, सरोज ने बताया कि लगभग छह माह से पिपली वाली जोहड़ी क्षेत्र सीवर समस्या बनी हुई है। इसके चलते ही घरों में दूषित पेयजल की आपूर्ति पहुंच रही है। कालोनीवासी कई डीसी व जनस्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों को शिकायत दे चुके हैं। शिकायत पर 14 जनवरी को सीवरेज व पेयजल व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए पंचकूला से चीफ इंजीनियर ने मौके पर पहुंचकर दौरा किया था तथा विभाग के उच्चाधिकारियों ने 15 दिन में सीवर समस्या का सुधार करने का आश्वासन दिया था। विधायक घनश्याम सर्राफ से भी प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर लोगों को समस्या के स्थाई समाधान का भरोसा दिलाया था लेकिन समस्या का अभी तक समाधान नहीं हुआ है। इस अवसर पर बलवान सिंह, कामरेड ओमप्रकाश, लक्ष्मी, माया, मुर्ति, रामती, रामकली, प्रेम, बाला, निलम, सरोज, राजो, सुरेश कुमारी, कमला, बिमला आदि मौजूद थे।
प्रदर्शनकारियों का आरोप, अधिकारी समस्या पर नहीं दे रहे ध्यान