पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Radaur News Haryana News Checking Information At Night Goes Viral Driver Skips Vehicle Queues On Road

रात में चेकिंग की सूचना वायरल, वाहन छोड़ खिसके चालक, सड़क पर लगी कतार

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

ओवरलोड वाहन चालकों से जुड़ा अधिकारियों की रेकी करने वाला ग्रुप क्षेत्र में सक्रिय है। शुक्रवार की रात इसी ग्रुप के माध्यम से ओवरलोड वाहन चालकों को सूचना मिली कि रादौर गुमथला मार्ग पर प्रशासन की टीम पहुंचेगी। जैसे ही सूचना वायरल हुई तो ओवरलोड वाहन चालक अपने वाहनों को सड़क किनारे छोड़कर इधर-उधर खिसक लिए, जिससे देखते ही देखते इस सड़क मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही। प्रशासन की कार्रवाई से बचने के लिए तो कुछ वाहन चालकों ने अपने वाहन से अतिरिक्त रेत को सड़क किनारे ही उतारने में भलाई समझी। रेत को सड़क पर ही उतार कर अपने गंतव्य के लिए आगे बढ़ा दिए। वहीं दूसरी ओर रेकी ग्रुप में पल-पल की अपडेट दी जाती रही। कौन से मार्ग पर ओवरलोड वाहन चालकों के लिए खतरा है और कौन सा मार्ग क्लियर हो चुका है, इस बारे में पूरी जानकारी रैकी ग्रुप में दी जाती रही। ग्रुप से जुड़े वाहन चालक भी अपनी-अपनी सुविधा अनुसार ग्रुप से जानकारी जुटाते रहे। यह ग्रुप एक बार फिर से प्रशासन की कार्यप्रणाली भारी पड़ता दिखाई दिया है, लेकिन प्रशासन इस ग्रुप पर अभी तक नकेल कसने में कामयाब नहीं हुआ है। केवल एक बार इस प्रकार के ग्रुप को चला रहे लोगों के खिलाफ यमुनानगर जिला प्रशासन द्वारा कार्रवाई की गई थी, लेकिन उसके बाद फिर से प्रशासन का सुस्त रवैया इस ग्रुप को पनपने में मदद कर रहा है। बता दें कि ओवरलोड वाहन प्रशासन व सरकार के लिए सिरदर्द बन चुके हैं। कड़ी कार्रवाई का आदेश जारी होने के बाद भी इन पर लगाम नहीं लग पा रही है, जिसके पीछे एक बड़ा कारण अधिकारियों की रेकी करने वाला ग्रुप भी है। जो ओवरलोड वाहन चालकों को पल-पल की अपडेट देता है इसलिए प्रशासन पूर्ण रूप से इन वाहन चालकों पर नकेल नहीं कस पा रहा है। हालांकि प्रशासन कुछ दिनों से ओवरलोड के खिलाफ सख्त एक्शन के मूड में है, लेकिन पूर्ण अंकुश अभी तक न तो ओवरलोड वाहन चालकों पर लग पाया है और न ही रेकी ग्रुप पर लगाम कसने में अधिकारियों को सफलता मिली है।

शिकायत मिलेगी तो करेंगे कार्रवाई. ओवरलोड वाहनों के बारे में कोई शिकायत नहीं मिली है। जाम लगने की जानकारी भी नहीं है। अगर ऐसी कोई शिकायत आएगी तो उस पर त्वरित कार्रवाई होगी।
मनोज कुमार, एसएचओ थाना जठलाना।

ओवरलोड वाहन चालक सरेआम राष्ट्रीय संपत्ति को भी पहुंचा रहे नुकसान: वकील वरयाम सिंह

हरियाणा एंटी करप्शन सोसाइटी के अध्यक्ष एडवोकेट वरयाम सिंह का कहना है कि ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कई बार शिकायतें भी दी गईं हैं। यहां तक कि जनहित याचिका भी डाली जा चुकी है, लेकिन प्रशासन न तो इन वाहन चालकों पर अंकुश लगा पाया है और न ही प्रशासन की रेकी करने वाले ग्रुप को नाकाम करने में प्रशासन सफल हुआ। ऐसे में यहां प्रशासनिक अधिकारियों की मिलीभगत की भी आशंका है, लेकिन खामियाजा जनता को उठाना पड़ रहा है। ओवरलोड वाहन चालक सरेआम राष्ट्रीय संपति को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं।

जठलाना | सड़क पर लगी वाहनों की लंबी कतार।
खबरें और भी हैं...