- Hindi News
- National
- Jind News Haryana News City Council Will Issue Helpline Number For Cleaning System In The City
शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर परिषद जारी करेगा हेल्पलाइन नंबर
शहर की सफाई को लेकर अब शहरवासी हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत कर सकेंगे। नगर परिषद की तरफ से सोमवार तक इसके लिए हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिया जाएगा। हेल्पलाइन नंबर के लिए नगर परिषद ने आवेदन किया हुआ है और सोमवार तक नंबर चालू होने की उम्मीद है। नगर परिषद द्वारा लगभग तीन माह पहले शहर की सफाई का ठेका दिया था। लगभग 48 लाख में यह ठेका दिया हुआ है, लेकिन अब तक सफाई व्यवस्था को लेकर लोग कहां शिकायत करें, इसके लिए न तो कोई शिकायत नंबर था और न ही कोई शिकायत केंद्र बनाया गया था। लोग सीधे नगर परिषद में ही शिकायत करने के लिए पहुंच रहे थे। लोगों की समस्या को देखते हुए नगर परिषद ने पिछले दिनों हेल्पलाइन नंबर के लिए आवेदन किया था। नगर परिषद को हेल्पलाइन नंबर मिल चुका है, लेकिन फिलहाल शुरू नहीं हो सका है। सोमवार तक नंबर शुरू होने की उम्मीद है। उसके बाद शहरवासी उस नंबर सफाई से संबंधित हर प्रकार की शिकायत कर सकेंगे।
पिछले वर्ष शहर में बनाए गए थे तीन शिकायत केंद्र
नगर परिषद द्वारा पिछले वर्ष शहर में तीन शिकायत केंद्र बनाए थे। पटियाला चौक, गोहाना रोड और रोहतक-भिवानी रोड पर शिकायत केंद्र थे, लेकिन इस बार केवल एक ही शिकायत केंद्र बनाकर वहां पर हेल्पलाइन नंबर रखा जाएगा।
जारी किया जाएगा हेल्पलाइन नंबर
सफाई व्यवस्था को लेकर जल्द ही हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाएगा। शहर के लोग उस नंबर पर सफाई से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत कर सकेंगे। अरुण कुमार, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद, जींद