- Hindi News
- National
- Rai News Haryana News City Planner Seals 16 Illegal Shops Built In Tdi Espania Residents Also Take Shelter In High Court
नगर योजनाकार ने टीडीआई इस्पानिया में बनी अवैध 16 दुकानों को किया सील, रेजीडेंट्स भी हाईकोर्ट की शरण में
हाईकोर्ट में लगी 19 मार्च की तारीख, हरियाणा सरकार को भी नोटिस जारी
टीडीआई इस्पानिया में अवैध दुकानें बनाने पर टीडीअाई बिल्डर को करारा झटका लगा है। नगर योजनाकार की टीम ने गुरुवार को इस्पानिया में बनाई गई 16 अवैध दुकानों को सील कर दिया है। उधर, बिल्डर के खिलाफ रेजीडेंट्स भी हाईकोर्ट की शरण में पहुंच गए हैं। इसमें 19 मार्च की तारीख लगी है। कोर्ट की तरफ से जवाब देने के लिए हरियाणा सरकार को भी नोटिस जारी किया गया है।
टीडीआई इस्पानिया एसोसिएशन के प्रधान धर्मबीर सिंह व उपप्रधान उत्तम सिंह ने बताया कि तनेजा ने अवैध रूप से 16 दुकानों का निर्माण किया था। जिसकी शिकायत लेकर वे टाउन एवं कंट्री प्लानिंग के निदेशक केएम पांडुरंग के पास गए थे। उन्होंने इस अवैध दुकानों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए थे। इसी आदेश पर गुरुवार को जिला नगर योजनाकार विभाग की टीम ने सभी 16 अवैध दुकानों को सील कर दिया और दुकानों के बाहर नोटिस चस्पा दिया है। डीटीपी अरविंद्र ढुल ने कहा कि अवैध निर्माण पर कार्रवाई की गई है।
एग्रीमेंट के अनुसार किए गए वादों को नहीं किया पूरा
उपप्रधान उत्तम सिंह ने बताया कि तनेजा ने लोगों को रोने पर मजबूर कर दिया था। 45 लाख रुपए भी गए और रहने को बिना बिजली-पानी वाला घर दे दिया। यहां 2011 में प्रोजेक्ट लांच किया था। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए उसने विज्ञापन व ड्राइंग का सहारा लिया। एग्रीमेंट में उसने लोगों को बाउंड्री वॉल, सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरा, इंटरकॉम , जल संयंत्र, पार्किंग, क्लब हाउस, फायर फाइटिंग, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, लाइट व पानी अादि देने के वादे किए थे। जो आज तक पूरे नहीं किए। तनेजा के खिलाफ अब उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। इस मामले में हाईकोर्ट ने 19 मार्च की तारीख दी है। कोर्ट की तरफ से जवाब देने के लिए हरियाणा सरकार को भी नोटिस जारी किया गया है।
जब तक हक नहीं मिलेगा, संघर्ष लगातार जारी रहेगा
प्रधान धर्मबीर सिंह ने कहा कि जब तक उन्हें हक नहीं मिलेगा, उनका संघर्ष जारी रहेगा। सभी रेजीडेंट्स एकजुट हैं और न्याय की इस लड़ाई में अंहकारी तनेजा का धमंड तोड़ने का संकल्प ले चुके हैं।