- Hindi News
- National
- Bhiwani News Haryana News Cm Flying And Rta Team Caught Illegal Vehicles From Ghantaghar Chowk Loharu Road Rohtak And Meham Gate 4 Impound
सीएम फ्लाइंग व आरटीए टीम ने घंटाघर चौक, लोहारू रोड रोहतक व महम गेट से अवैध वाहनों को पकड़ा, 4 इंपाउंड
सीएम फ्लाइंग व आरटीए टीम ने शुक्रवार को शहर में संयुक्त रूप से घंटाघर पर खड़े होने वाहनों की धरपकड़ की। यहां चार अवैध सवारी वाहनों को इंपाउंड किया गया और यातायात नियमों की अवहलेना करने एक प्राइवेट बस चालक पर जुर्माना किया गया। छापे से अवैध सवारी वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
शुक्रवार शाम को सीएम फ्लाईंग दस्ता इंस्पेक्टर दिनेश यादव के नेतृत्व में घंटाघर चौक पर पहंंुचा। इसी दौरान आरटीए विभाग के सहायक सचिव सत्यनारायण चहल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सीएम टीम के आने का पता लगते ही चौक के नजदीक जमा सवारी वाहन चालक अपने वाहनों को लेकर रफूचक्कर हो गए। इसके बाद टीम ने लोहारू रोड ओवर ब्रिज के सामने अनाज मंडी परिसर में खड़े सवारी वाहनों की जांच की।
इस दौरान गाड़ियों के कागजात की जांच की और एक सवारी वाहन के कागजात पूरे न मिलने पर इंपाउंड किया। टीम ने दादरी गेट व रोहतक गेट पर भी दबिश दी और सवारी वाहनों की जांच की। टीम ने तीन सवारी वाहनों को कागजात न मिलने पर इंपाउंड किया। इसके बाद टीम ने बस स्टैंड के नजदीक एक प्राइवेट बस को रूकवाया। बस पर नंबर प्लेट यातायात नियमों के अनुसार नहीं मिली। इसके चलते टीम ने जुर्माना लगाया। जुर्माना राशि आरटीए विभाग बाद में तय करेगा। सीएम फलाईंग टीम में एसआई सुनील कुमार, जितेंद्र, सुरेंद्र सिंह, उमेद सिंह, प्रवीन सिंह आदि शामिल थे।
सीएम फ्लाइंग टीम ने शहर में पांच स्थानों पर सवारी वाहन और प्राइवेट बसों की जांच कर कार्रवाई की
सीएम फ्लाईंग टीम के अधिकारी इंस्पेक्टर दिनेश यादव व एसआई सुनील कुमार ने बताया कि शुक्रवार को शहर में पांच स्थानों पर सवारी वाहन व प्राइवेट बसों की जांच की गई है। जिन वाहन चालकों के पास गाड़ी के कागज नहीं मिले उन्हें इंपाउंड किया गया। एक प्राइवेट बस पर जुर्माना किया गया है। टीम को सूचना मिल रही थी कि सवारी वाहन चालक यातायात नियमों की पालन नहीं करते है। इस तरह के अभियान आगे भी चलते रहेंगे।
15 दिन पहले सवारी वाहन चालकों ने रोडवेज बस चालक व परिचालक से की थी मारपीट
15 दिन पहले लोहारू रोड स्थित कैरू मोड़ पर एक सवारी वाहन चालक व रोडवेज बस चालक के बीच सवारियां उठाने को लेकर विवाद हो गया था। सवारी वाहन चालक ने साथियों के साथ मिलकर बस परिचालक व चालक के साथ मारपीट की थी। इस संबंध में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला भी दर्ज किया था। रोडवेज बस चालक व परिचालकों को आए दिन इस तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
अधिकतर चालकों के पास वाहनों के कागजात भी पूरे नहीं होते
शहर में घंटाघर, लोहारू रोड ओवर ब्रिज के पास, रोहतक गेट के नजदीक, बसस्टैंड क्षेत्र, वैश्य कॉलेज के सामने तोशाम रोड, बासिया भवन, चिड़ियाघर मोड़ आदि स्थानों पर अवैध सवारी वाहन जमा रहते हैं। अधिकतर चालकों के पास वाहनों के कागजात भी पूरे नहीं होते। इसके अलावा एक-दूसरे से रास्ते में गांवों के बस स्टैंड से पहले सवारी बैठाने को लेकर बेहद तेज गति से अपने वाहनों को दौड़ाते हैं। इससे हर समय दुर्घटनाओं की आशंका रहती है और कई बार वाहन दुर्घटनाग्रस्त भी हो जाते है। इसके अलावा ये सवारी वाहन चालक रोडवेज बसों के आगे-अागे अपनी वाहनों को दौड़ाते है और सवारियों को अपनी गाड़ियों में बैठाते है। बस चालक जब इनसे विरोध करते हैं तो ये चालक बस चालक व परिचाल के साथ मारपीट करते हैं।
भिवानी। नई अनाज मंडी क्षेत्र में वाहनों की जांच करते सीएम फ्लाइंग दस्ता।