पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Jind News Haryana News Cm Flying Caught 3 Placing Examination Instead Of Second In Boys School Fir Lodged

सीएम फ्लाइंग ने ब्वाॅयज स्कूल में दूसरे की जगह परीक्षा देते 3 पकड़े, एफआईआर दर्ज

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
{हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की थी बारहवीं की फिजिकल की परीक्षा {उचाना में एसडीएम ने 6 केस बनाए

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की बारहवीं की फिजिकल की परीक्षा में शुक्रवार को सीएम फ्लाइंग ने 4 स्कूलों में छापेमारी की। इस दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 3 बच्चे दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़े गए। बाद में तीनों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, एसडी स्कूल में सीएम फ्लाइंग को परीक्षा केंद्र के नीचे वाले कमरों में महिला स्टाफ बैठा हुआ मिला। निरीक्षण के दाैरान स्टाफ को परीक्षा केेंद्र से बाहर भेज दिया गया। उचाना कलां स्थित एसएसएम एसडी सीनियर सेेकेंडरी स्कूल में एसडीएम ने 6 केस बनाए। इसी केंद्र में एक कमरे में 2 से अधिक केस बनने पर सुपरवाइजर राजेश को रिलीव कर दिया गया। इसके अलावा नरवाना-2 आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एसडीएम ने निरीक्षण के दौरान सेंटर सुपरींटेंडेंट रवींद्र सिंह को रिलीव कर दिया। जींद के परीक्षा केंद्र-35 जयसूर्या हाई स्कूल में स्पेशल चेयरमैन फ्लाइंग ने एक केस बनाया।

12वीं की फिजिकल की परीक्षा में बनाए केस, 1 सुपरवाइजर किया रिलीव : रमेश


जिले भर में शुक्रवार को हुई 12वीं की बोर्ड परीक्षा फिजिकल की परीक्षा में केस बनाए गए हैं। इनमें 6 केस उचाना परीक्षा केंद्र-2 और एक केस जींद परीक्षा केंद्र-35 में बनाया गया है। उचाना परीक्षा केंद्र के एक ही कमरे में 2 से ज्यादा केस बनने पर एक सुपरवाइजर को रिलीव किया गया है।
रमेश कुमार वर्मा, सचिव, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, जींद।

धनखड़ी की छात्रा ने लगाया समय से पहले पेपर छीनने का आरोप

धनखड़ी निवासी दसवीं की छात्रा ने पर्यवेक्षक पर समय से पहले पेपर छीनने का आरोप लगाया है और इसकी शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी को दी है। धनखड़ी निवासी रितू ने डीईओ काे दी शिकायत में कहा है कि उसका 12 मार्च को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कंडेला में कमरा नंबर 3 में अंग्रेजी का पेपर था। परीक्षा शुरू होने के बाद 15 मिनट बाद एक लड़के ने उसका पेपर कोड पूछने की कोशिश की, लेकिन उसने जवाब नहीं दिया। पर्यवेक्षक ने बिना किसी कारण उसका पेपर छीन लिया जबकि लड़के से कुछ नहीं किया। मैंने बार-बार पेपर लौटाने का आग्रह किया, लेकिन उन्होंने पेपर देने की बजाय चुपचाप बैठने की धमकी दी और बाहर भी नहीं जाने दिया। इससे वह अपनी बात किसी को नहीं बता सकी। परीक्षा खत्म के 40 मिनट पहले उन्होंने उसका पेपर वापस किया। उसने डीईओ से मांग की कि पर्यवेक्षक के खिलाफ कार्रवाई की जाए। जिला शिक्षा अधिकारी मदन चोपड़ा का कहना है कि इस मामले में जांच कमेटी गठित की जाएगी।


सीएम फ्लाइंग ने 4 स्कूलों का किया निरीक्षण


हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं की परीक्षाओं को नकल रहित तरीके से संपन्न करवाने को लेकर सीएम फ्लाइंग ने 4 स्कूलों का निरीक्षण किया। इसमें एसडी स्कूल, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, राजकीय स्कूल निर्जन, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शामिल थे। एसडी स्कूल में महिला स्टाफ परीक्षा केंद्र के नीचे बने कमरों में बैठा था, जिस पर उन्हें वहां से हटाकर बाहर भेज दिया गया। इसका नेतृत्व सीआईडी के डीएसपी रवींद्र कुमार ने किया। टीम जब राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पहुंची तो दीवारों पर लोग अंदर झांकते मिले। पुलिस को बुलाकर उन्हें हटवाया गया। अंदर जांच में बाहरी युवक परीक्षार्थियों की जगह परीक्षा देते पकड़े गए। उनके खिलाफ पुलिस को शिकायत दे दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वहीं एसडीएम सत्यवान सिंह मान के नेतृत्व वाली फ्लाइंग ने एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में जाकर छापेमारी की। इस दौरान एसडीएम सत्यवान सिंह मान ने परीक्षार्थियों की तलाशी ली और परीक्षा केंद्रों में ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को भी नकल रहित परीक्षा करवाने के लिए प्रेरित किया।


उचाना-2 में सुपरवाइजर को किया रिलीव, जींद के परीक्षा केंद्र-35 जयसूर्या हाई स्कूल में स्पेशल चेयरमैन फ्लाइंग ने एक केस बनाया

जींद. राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के बाहर से लोगों को हटाते पुलिस कर्मी।
खबरें और भी हैं...