पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Kaithal News Haryana News College University Closed Until 31 March No Order For Schools

31 मार्च तक कॉलेज, यूनिवर्सिटी बंद, स्कूलों के लिए कोई आदेश नहीं

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

स्वास्थ्य के साथ-साथ अब कोरोना वायरस का प्रभाव छात्रों की पढ़ाई भी पड़़ेगा। कोरोना को प्रदेश में महामारी घोषित करने के बाद शुक्रवार को उच्चतर शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर सभी कॉलेज और यूनिवर्सिटी को 31 मार्च तक बंद करने की घोषणा कर दी। खास बात यह है कि ज्यादातर शिक्षण संस्थानों में अब तक सभी कोर्सेज में 60 से 70 प्रतिशत सिलेबस ही पढ़ाया गया है। सिलेबस पूरा न होने से इसका असर सीधे छात्रों की पढ़ाई और परीक्षा परिणामों पर पड़ेगा। अमूमन एक या दो अप्रैल से डिस्टेंस या ओपन बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो जाती हैं और 19 या 20 से रेगुलर कोर्सेेज की, लेकिन कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के कारण अब परीक्षाओं पर भी खतरा मंडराने लगा है। अगर छुट्टियां और बढ़ी तो फिर परीक्षाओं का समय भी बदलाव किया जा सकता है।

पूरे जिले में करीब 8500 छात्र ले रहे शिक्षा| पूरे जिले में 13 कॉलेजों सहित दो यूनिवर्सिटी चल रही हैं। सभी कॉलेज और यूनिवर्सिटी में करीब 8500 छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे हैं। इसके अलावा कई बीएड कॉलेज भी चल रहे हैं। इनमें भी सैकड़ों छात्र-छात्राएं पढ़ रहे हैं। सभी छात्र-छात्राओं के लिए यही वो समय होता है जब रिवीजन के साथ-साथ बचे हुए सिलेबस को भी अतिरिक्त कक्षाएं लगाकर पूरा करवाया जाता है, लेकिन अब छात्रों को यह कार्य अपने घर पर ही करना पड़ेगा।

स्कूल बंद करने को लेकर नहीं आए कोई आदेश

जिला शिक्षा अधिकारी बिजेंद्र सिंह नरवाल ने कहा कि सरकार के आदेश के बाद एनसीआर क्षेत्र में आने वाले पांच जिलों में स्कूलों को बंद किया गया है, लेकिन वहां भी परीक्षाएं चल रही हैं। अभी तक स्कूलों को बंद करने और परीक्षाओं को लेकर कोई आदेश नहीं मिले हैं। अगर बीमारी ज्यादा फैलती है तो हो सकता है कि स्कूलों को भी बंद किया जाए, लेकिन फिलहाल ऐसी कोई संभावना नहीं है।

15 काे चंदाना गेट पर होने वाली राहगीरी भी रद्द

जिला प्रशासन द्वारा 15 मार्च को चंदाना गेट पर करवाया जाने वाला राहगीरी कार्यक्रम भी कोरोना वायरस के बचाव को लेकर रद्द कर दिया है। इसी महीने होने वाली कष्ट निवारण समिति की बैठक का होना भी मुश्किल है। इससे पहले महिला दिवस पर होने वाली पिंकाथन को भी कोरोना के चलते रद्द किया गया था।

ये करें बचाव और उपाय| कोरोना वायरस से स्वयं व दूसरों की रक्षा के लिए सभी को साबुन से बार-बार बहते पानी में हाथ धोने चाहिए, बाहर आने जाने पर हैंडवाॅश या सेनिटाइजर का प्रयोग करें, छींकते और खांसने के दौरान अपना मुंह ढकें, प्रयोग के तुरंत बाद टिशू को किसी बंद डिब्बे में फेंक दें और अस्वस्थ महसूस होने पर डॉक्टर से संपर्क करें। इसके अलावा खांसी और बुखार हो तो किसी के संपर्क में नहीं आएं, तुरंत डाक्टर से सलाह लें और जांच करवाएं, विशेषकर भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में न जाएं ।


आदेश प्राप्त होते ही पूरे स्टाफ व विद्यार्थियों को निर्देश दे दिए गए हैं। सोशल मीडिया ग्रुप्स के जरिए विद्यार्थियों को भी सूचित कर दिया गया है। पढ़ाई और परिणाम प्रभावित होंगे, लेकिन ऐसी स्थिति में ये कदम उठाना जरूरी था ताकि बीमारी से बचा जा सके। विद्यार्थियों को बिना समय गंवाए घर पर ही परीक्षाओं की तैयारी में जुट जाना चाहिए।
डाॅ. ऋषिपाल बेदी, प्रिंसिपल, डाॅ. भीम राव अंबेडकर राजकीय कॉलेज।


कॉलेज में ज्यादातर कोर्सेज में 60 से 70 प्रतिशत सिलेबस करवाया जा चुका है। छुट्टियों का असर पढ़ाई और परिणामों पर निश्चित तौर पर पड़ेगा, लेकिन बीमारी को देखते हुए इन आदेशों का स्वागत किया जाना चाहिए। सभी विद्यार्थियों को घर पर बैठकर करवाए जा चुके सिलेबस को रिवाइज करने के साथ ही इंटरनेट के सहयोग से बचे हुए सिलेबस को पूरा करना चाहिए।
डाॅ. एसके गोयल, प्रिंसिपल, आरकेएसडी कॉलेज।
खबरें और भी हैं...