आर्मी परीक्षा में फेल होने पर फंदा लगाकर की खुदकुशी
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा
बावड़ी गेट क्षेत्र स्थित एमसी कालोनी में बीती रात एक 21 वर्षीय युवक ने आर्मी में नौकरी न मिलने पर फांसी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने पिता के बयान पर इत्तेफाकिया कार्रवाई कर शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। एमसी कालोनी निवासी पूर्व सैनिक विनोद के 21 वर्ष बेटे अमित ने बीती रात अपने घर पर ही कमरे में फांसी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। शुक्रवार सुबह लगभग छह बजे उसका पिता जब बेटे के कमरे में गया तो उसका शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। बेटे को फंदे पर लटका देख मानो पिता के पैरों के नीचे से जमीन ही निकल गई। पिता ने सपने में भी नहीं सोचा था कि उसका बेटा इतना बड़ा कदम भी उठा सकता है। मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। शुक्रवार दोपहर सिविल अस्पताल में शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। जांच अधिकारी एएसआई राजेंद्र ने बताया कि युवक आर्मी भर्ती की तैयारी करता था। सेना में भर्ती के लिए उसने परीक्षा दे रखी थी। गुरुवार को भर्ती रैली का परिणाम आया था जिसमें वह उत्तीर्ण नहीं हो पाया और आयु के हिसाब से भर्ती के लिए यह उसका लास्ट चांस था। इसी मानसिक परेशानी के कारण शायद उसने आत्महत्या कर ली। मृतक के पिता के बयान पर इत्तेफाकिया कार्रवाई अमल में लाई गई है।