- Hindi News
- National
- Charkhi Dadri News Haryana News Complaint Of Sprinkling Water On Bajra Kattas In Grainmandi Was False Adc Investigates
अनाजमंडी में बाजरे के कट्टों पर पानी छिड़कने की शिकायत मिली झूठी, एडीसी ने की जांच
जिला प्रशासन को कोई शिकायत करने से पहले उसकी पड़ताल कर लें। शिकायत झूठी या गलत पाई गई तो शिकायतकर्ता के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है। उपायुक्त श्यामलाल पूनिया ने सोमवार को एक शिकायत की जांच करवाने के बाद ये निर्देश जारी किए हैं।
हुआ यूं कि सोमवार दोपहर बाद उपायुक्त को किसी व्यक्ति ने फोन कर बताया कि अनाजमंडी में बाजरा के कट्टों पर पानी का छिड़काव कर वजन बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। यह छिड़काव किसी टैंकर से किया जा रहा है। शिकायत सुनते ही उपायुक्त ने तत्काल अतिरिक्त उपायुक्त मो. इमरान रजा को मौके पर भेजा। वहां जाकर एडीसी ने जांच की मामला कुछ और ही मिला। यहां पानी के टैंकर की बजाय एक ट्रैक्टर के पीछे प्लास्टिक की एक टंकी बंधी हुई थी। इसमें पानी के साथ दवा का घोल मिला हुआ था। इसका स्प्रे पंप से कट्टों पर छिड़काव हो रहा था। हरियाणा वेयर हाउसिंग काॅरपोरेशन के गोदाम कीपर राजेश ग्रेवाल ने बताया कि डेल्टामैथरीन दवा को पानी में मिलाकर हर 15-20 दिन में छिड़काव करना पड़ता है, जिससे कि अनाज में कीड़ा ना लगे। अतिरिक्त उपायुक्त के मंडी में पहुंचते ही आढ़ती, मार्केट कमेटी व हरियाणा वेयरहाउस के कर्मचारी मौके पर शेड के नीचे आ गए। उन्होंने भी इस बात की पुष्टि की कि इन कट्टों पर दवा का स्प्रे किया जा रहा है और यह पिछले तीन-चार माह से रूटीन में किया जा रहा है। मो. इमरान रजा ने दवा का सैंपल जांच के लिए अपने पास रख लिया और इस बारे में संबधित अधिकारियों को रिपोर्ट देने को कहा है। उन्होंने हैफेड के अधिकारियों से भी बात की। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह शिकायत पूरी तरह से झूठ नजर आ रही है। इसमें एक भी ऐसा तथ्य नहीं है, जिससे लगता हो कि पानी को भारी मात्रा में बाजरा पर छिड़का जा रहा था, जैसा कि शिकायत करने वाले ने बताया। यह दवा बहुत कम मात्रा में जींस के बैग पर छिड़की जाती है, जिसका वजन बढ़ाने से कोई संबंध नहीं है। एडीसी मो. इमरान रजा ने सारे मामले से उपायुक्त को अवगत करवा दिया है। उपायुक्त ने स्वयं भी अधिकारियों को बुलाकर इस बारे में पूछताछ की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन को इस प्रकार की झूठी शिकायत की जाती है तो ऐेसे मामले में शिकायत करने वाले के खिलाफ ही कार्रवाई की जाएगी।