एक्सटेंशन लेक्चरर्स पर लाठीचार्ज की निंदा की
हरियाणा के सरकारी कॉलेजों में कार्यरत एक्सटेंशन लेक्चरर पर पंचकूला में हुए लाठीचार्ज की घटना की सर्व कर्मचारी संघ ने निंदा की। जिला प्रधान जरनैल सिंह, सचिव रामपाल शर्मा व प्रेस प्रवक्ता सतबीर गोयत ने जारी संयुक्त बयान में कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा आंदोलनरत एक्सटेंशन लेक्चरर की बातचीत सुनने की बजाए उन पर वाटर कैनन से पानी की बौछारें और लाठीचार्ज करवाना निंदनीय है। प्रदेश सरकार किसी भी आंदोलनरत कर्मचारी की बात सुनने की बजाय हर प्रकार के विरोध प्रदर्शन को लाठी और गोली से दबाना चाहती है, जो लोकतंत्र के लिए एक गंभीर संकेत बना हुआ है। सरकार जितना विरोध की आवाज को दबाने की कोशिश करेगी अपनी जायज हकों की लड़ाई के लिए लोग उतने ही उग्र तरीके से सरकार का विरोध करेंगे।
अत: सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा, हरियाणा सरकार से निवेदन करता है कि एक्सटेंशन लेक्चरर की समस्याओं का बातचीत के द्वारा समाधान किया जाए। अगर समय रहते सरकार ने एक्सटेंशन लेक्चरर की समस्या का समाधान नहीं किया तो सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा इनके आंदोलन में शामिल होकर इनका पूरा सहयोग करेगा।