- Hindi News
- National
- Bhiwani News Haryana News Construction Of Medical College On The Acquired Land In Premnagar
प्रेमनगर की अधिगृहीत भूमि पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण मुश्किल सर्वे टीमों ने सरकार को भेजी रिपोर्ट में जगह काे बताया नॉट फिजिबल
मेडिकल कालेज निर्माण की घोषणा के सात साल बाद भी सरकार व प्रशासन जमीन फाइनल नहीं कर पाया है। हालांकि प्रशासन ने एक बार प्रेमनगर में जमीन चिंहित कर 29 जुलाई 2017 को तत्कालीन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री व सीएम ने प्रेमनगर में अधिग्रहण की गई जमीन पर मेडिकल कालेज का शिलान्यास भी किया लेकिन इसके बाद उच्चाधिकारियों ने सामान्य अस्पताल से अधिक दूरी का बहाना बनाकर नए सिरे से जमीन की तलाश शुरू की। एक दर्जन से भी ज्यादा अधिकारियों की टीमों ने भिवानी व आसपास के क्षेत्रों में सर्वे कर जमीन की तलाश की लेकिन प्रशासन अभी तक जमीन फाइनल नहीं कर पाया है। उधर प्रेमनगर के ग्रामीण पिछले तीन दिन से गांव में सीबीएलयू के निर्माणाधीन भवन के नजदीक टेंट लगाकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हुए हैं।
वर्ष 2013 में भिवानी में मेडिकल कालेज निर्माण की घोषणा हुई थी। घोषणा के लगभग चार साल बाद प्रेमनगर में अधिग्रहण की गई 37 एकड़ भूमि पर कालेज निर्माण के लिए शिलान्यास किया गया। इसके बाद कालेज निर्माण के लिए प्रेमनगर की जमीन को फाइल करने में प्रशासन व सरकार हाथ खींच रही है। इसी के चलते ग्रामीणों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है। प्रेमनगर के साथ बवानी खेड़ा हलके के अनेक गांवों के पंचायत प्रतिनिधि धरना स्थल पर पहुंचकर अपना समर्थन दे रहे हैं और सरकार से प्रेमनगर में ही अधिग्रहण की गई जमीन पर कालेज निर्माण की मांग कर रहे हैं।
जल्द मिलेंगे मुख्यमंत्री से
वह भी चाहते है कि कालेज प्रेमनगर में ही बने। ग्रामीणों की मांग को लेकर वे जल्द सीएम मनोहरलाल से मिलेंगे और सीएम को मामले व स्थिति से अवगत करवाएंगे।\\\'\\\' -विशंभर वाल्मीकि, हलका विधायक, बवानीखेड़ा।
ये हैं समस्या
मेडिकल कालेज का प्रथम ब्लॉक भिवानी के चौ. बंसीलाल सिविल अस्पताल में स्थापित किया जाना है। इसके लिए सरकार व प्रशासन ने जमीन फाइनल कर दी है। प्रेमनगर में प्रस्तावित द्वितीय ब्लॉक की प्रथम ब्लॉक से अधिक दूरी होने पर अधिकारी आपत्ति जता रहे हैं। इसलिए प्रेमनगर की जमीन को फिजिबिलिटी बता रहे हैं। सिविल अस्पताल से प्रेमनगर की दूरी लगभग 8 किलो मीटर है। ऐसे में मेडिकल स्टॉफ के लिए एक ब्लॉक से दूसरे ब्लॉक में पहुंचने में आने वाली परेशानियों तर्क दिया जा रहा है। इसके चलते कालेज का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा हैं।
इन्होंने किया धरने का समर्थन
सोमवार को तीसरे दिन धरनास्थल पर बवानीखेड़ा के विधायक विशंभर वाल्मीकि ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया था कि इस संबंध में वह सीएम से मिलेंगे। सोमवार को भाजपा के जिला प्रधान नंदराम धानिया ने धरना स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों की मांग का समर्थन किया। सोमवार को डॉ. एनके चौधरी, अखिल भारतीय किसान महासभा के मास्टर शेर सिंह, ग्रामीण विकास मंडल के प्रधान सचिन सरदाना, संयुक्त किसान मोर्चा के अध्यक्ष सत्यवान दूहन, दलीप सिंह सांगवान, राकेश शर्मा, पीटीआई संघ के जिला प्रधान पिंकू मास्टर, प्रवीन नैन, एडवोकेट देवेंद्र श्योराण, महेंद्र सिंह एडवोकेट, राजकुमार ढांडा, मास्टर सेवा सिंह, सरपंच प्रतिनिधि नरसिंह, संदीप, राजकुमार, राममेहर, राजेश आदि सरपंच व गणमान्य व्यक्तियों ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर समर्थन दिया।
वर्ष 2017 से ही टीमें कर रही है सर्वे
रोहतक पीजीआई के वाइस चांसलर के नेतृत्व में टीम ने सिविल अस्पताल व प्रेमनगर के अलावा शहर में मेडिकल कालेज के लिए जमीन की तलाश की। टीम में पंडित भगवत दयाल शर्मा यूनिवर्सिटी हेल्थ एंड साइंस रोहतक के वाइस चांसलर ओपी कालड़ा, मेडिकल कॉलेज अग्रोहा के डॉयरेक्टर गोपाल सिंगल, खानपुर मेडिकल कॉलेज की डॉयरेक्टर डॉ. रेनु गर्ग, तात्कालीन डीसी डॉ. अंशज सिंह के अलावा, तात्कालीन डीसी सुजान सिंह, तात्कालीन एसपी गंगाराम पूनिया, डीसी अजय कुमार व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की टीम भी सर्वे कर चुकी है।
जमीन तलाशने के लिए इन स्थानों पर हुए सर्वे
{ प्रेम नगर में अधिग्रहण की गई जमीन पर मेडिकल कालेज निर्माण के लिए अधिकारियों ने सर्वे की।
{ हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड परिसर में खाली पड़ी जमीन पर सर्वे।
{ जिला पुनर्वास केंद्र क्षेत्र में।
{ तोशाम रोड क्षेत्र में।
{ हांसी रोड स्थित कटड़ा फार्म परिसर में।
प्रेमनगर में कालेज निर्माण के लिए छह टीमें कर चुकीं सर्वे
सूत्रों का कहना है कि प्रेमनगर में प्रस्तावित मेडिकल कालेज के द्वितीय ब्लॉक के स्थान पर शहर व आसपास के क्षेत्र में अन्य जमीन की तलाश के लिए उच्चाधिकारियों की लगभग छह टीमें सर्वे कर चुकी हैं। टीमों ने अपनी रिपोर्ट में सरकार को प्रेमनगर में कालेज के द्वितीय ब्लॉक के निर्माण की फिजिबिलिटी रिपोर्ट भेज रखी है। इसके कारण सरकार की भी शायद प्रेमनगर में मेडिकल कालेज का निर्माण करने की मंशा अब तक न के बराबर है।
प्रेमनगर में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर धरने पर रोष जताते व धरनास्थल पर पहुंचे विधायक घनश्याम सर्राफ को मांगों का ज्ञापन सौंपते ग्रामीण व सामाजिक संगठनों के सदस्य।