- Hindi News
- National
- Kurukshetra News Haryana News Continuous Effort Is Necessary For Success And Efficiency Bhanku
सफलता और दक्षता के लिए निरंतर प्रयास जरूरी: भंगु
केयू परीक्षा शाखा व राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान रुसा की ओर से डॉ. आरके सदन में परीक्षा शाखा के अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय दक्षता कौशल कार्यशाला आयोजित की गई। परीक्षा नियंत्रक डॉ. हुकम सिंह ने बताया कि कार्यशाला में परीक्षा शाखा के 300 अधिकारियों व कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। कार्यशाला का उद्घाटन डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. मंजुला चौधरी ने किया। प्रो. मंजुला ने कहा कि हमें अपना कार्य दक्षता से और पारदर्शिता से करना चाहिए। उन्होंने कहा कि दक्षता व पारदर्शिता सफलता का आधार होता है। कार्यशाला के प्रथम सत्र में सेवानिवृत्त एयर मार्शल परमजीत सिंह भंगु मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने कर्मचारियों व अधिकारियों को अपनी कार्य दक्षता बढ़ाने के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कभी हार नहीं माननी चाहिए। हमें सफलता एवं दक्षता प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने सफलता के पांच बी पॉजिटिव एटीट्यूड, पॉजिटिव व्यवहार, पॉजिटिव थिंकिंग, पैशन और पेशंस का महत्व बताया। सत्र की अध्यक्षता डीन रिसर्च एंड डिवेलपमेंट प्रो. अनिल वोहरा ने की।
पूर्वाग्रह रखकर व्यवहार न करें कर्मचारी : संयुक्त निदेशक अवनीश भटनागर ने प्रतिभागियों को बताया कि छात्रों और यूनिवर्सिटी में काम के लिए आने वाले लोगों के साथ उनका व्यवहार कैसा होना चाहिए। उन्होंने कस्टमर कंज्यूमर रिलेशनशिप के माध्यम से प्रतिभागियों को बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को आने वाले के प्रति पूर्वाग्रह रखकर व्यवहार नहीं करना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने टाइम मैनेजमेंट और तनाव रहित होकर काम करने के गुण भी सिखाए। सत्र की अध्यक्षता यूआईईटी के निदेशक प्रो. सीसी त्रिपाठी ने की। कार्यशाला के तीसरे सत्र में मुख्य वक्ता डॉ. राजवीर ढाका रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को सूचना के अधिकार नियम के तहत दी जाने वाली सूचनाओं के बारे में जानकारी दी। सत्र की अध्यक्षता डीन साइंस एंड टेक्नाेलाॅजी प्रो. श्याम कुमार ने की। परीक्षा नियंत्रक डॉ. हुकम सिंह ने कहा कि परीक्षा शाखा यूनिवर्सिटी की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। सभी विद्यार्थियों का परिणाम समय पर देना हमारा लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें सभी लोगों की बात को ध्यान से सुनना चाहिए और जहां तक संभव हो, उनकी समस्याओं का समाधान उसी दिन करना चाहिए। परीक्षा नियंत्रक डॉ. अंकेश्वर प्रकाश ने सभी अतिथियों का आभार जताया।
कुरुक्षेत्र | केयू के डॉ. आरके सदन में परीक्षा शाखा कर्मचारियों को संबोधित करते परमजीत सिंह भंगु।