- Hindi News
- National
- Sirsa News Haryana News Corona Who Feared Before Taking The Sample Apprehensive Woman Police And Health Department Team Came Back After Finding It In 2 Hours
सैंपल लेने से पहले ही फरार हुई कोरोना आशंकित महिला पुलिस व हेल्थ विभाग की टीम 2 घंटे में ढूंढकर वापस लाई
कोरोना वायरस से आशंकित एक महिला गुरुवार सुबह नागरिक अस्पताल में चेकअप करवाने पहुंची। डॉक्टर ने उसको आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया। संबंधित टीम महिला के सैंपल ले पाती, उससे पहले वह बिना बताए वार्ड से खिसक गई। अस्पताल प्रशासन ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस व हेल्थ टीम एंबुलेंस के साथ उक्त महिला की तालाश में जुटी है।
ओपीडी स्लिप में महिला के दर्ज एड्रेस से 2 घंटों बाद उसे दोबारा अस्पताल पहुचाया गया। जिसके सैंपल पुणे की टेस्टिंग लेबोरेट्री में भेजे जाएंगी और महिला को जांच रिपोर्ट आने तक आइसोलेशन वार्ड में रखा जाएगा।
नागरिक अस्पताल में एक महिला अपना चेकअप करवाने पहुंची। उसने डॉक्टर को बताया कि वह दो दिन पहले ऑस्ट्रेलिया से वापस लौटी है। कुछ दिनों से उसको खांसी- जुकाम की दिक्कतें हैं। ड्यूटी डॉक्टर ने खांसी, जुकाम व गले में दिक्कत से प्रभावित महिला को कोरोना आशंकित बताते हुए नागरिक अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया। इलाज के दौरान विशेष टीम ने महिला का ब्लड सैंपल लेना था। लेकिन आंख झपकते ही उक्त महिला आइसोलेशन वार्ड से फरार हो गई। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कमान संभाली और महिला की इधर- उधर तलाश की। लेकिन महिला का कोई पता नहीं चला, तो आखिर पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस को महिला का मोबाइल नंबर दिया गया, जिसको महिला ने नहीं उठाया। जिसके बाद पुलिस व एंबुलेंस के साथ हेल्थ टीमें महिला की तालाश में जुटी। दो घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद महिला को समझाकर वापस अस्पताल लाया गया। डॉक्टर के मुताबिक उक्त महिला हेल्थ टीम के संपर्क में नहीं थी, महिला ने खुद अस्पताल में पहुंचकर ऑस्ट्रेलिया से लौटने की बात कही थी। वह शहर के डेरा क्षेत्र की निवासी है। जबकि इससे पहले विदेश से लौटने वाले चौथे आशंकित मरीज की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। विदेश से लौटकर आए 36 लोगों की 28 दिनों तक नियमित जांच करवाई गई।
ऑस्ट्रेलिया से लौटी महिला चेकअप के लिए आई थी
डिप्टी सिविल सर्जन वीरेश भूषण ने बताया कि खांसी- जुकाम से प्रभावित ऑस्ट्रेलिया से वापस लौटी एक महिला चेकअप के लिए आई थी, डॉक्टर ने कोरोना आशंकित महिला को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया था।
उक्त महिला का सैंपल लेना था, लेकिन उससे पहले वह महिला बिना बताए चली गई थी। सूचना के बाद पुलिस व हेल्थ टीम महिला को एंबुलेंस के जरिए दो घंटे में वापस अस्पताल ले आई है। महिला ने बताया कि वह डर गई थी, उसको समझाया गया, तो वह वापस आने को तैयार हुई।
अस्पताल से फरार होने की आई थी सूचना
सिटी थाना एसएचओ सुखबीर सिंह कोरोना आशंकित एक महिला के आइसोलेशन वार्ड से फरार होने की सूचना अस्पताल प्रशासन से आई थी। उसका मोबाइल नंबर उपलब्ध करवाया गया था, लेकिन वह फोन किसी ने नहीं उठाया। जिसके बाद महिला का एड्रेस मिलने के बाद उसको वापस अस्पताल पहुंचाया है।
इधर...फतेहाबाद में मरीज को मिलता है मात्र प्राथमिक उपचार
लोगों को जीवनदान देने के मकसद से प्रदेश सरकार व स्वास्थ्य विभाग द्वारा तीस साल पहले बनाया गया रतिया का नागरिक अस्पताल सुविधाओं के अभाव में खुद की हालत खराब है। सुविधा के अभाव में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों को हादसों मेें गंभीर घायलों व रोगियों को फतेहाबाद या अग्रोहा मेडिकल रेफर करना पड़ता है। इस अस्पताल में अल्ट्रासाउंड व वेंटिलेटर जैसी सुविधाएं तक नहीं हैं।