पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Bhiwani News Haryana News Corona Wrestling Riot And National Player Honor Ceremony Postponed Dc Alerts Officers

कोरोना: कुश्ती दंगल और राष्ट्रीय खिलाड़ी सम्मान समारोह स्थगित, डीसी ने अफसरों को किया अलर्ट

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

प्रदेश सरकार की ओर से कोराना को महामारी घोषित करने के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। दूसरी ओर लेघां में 14 मार्च से शुरू होने वाला कुश्ती दंगल और 14 मार्च को ही होने वाले राष्ट्रीय खिलाड़ी सम्मान समारोह को स्थगित किया गया है। इसी कड़ी में गुरुवार को डीसी अजय कुमार ने डीआरडीए सभागार में कोरोना वायरस से बचाव प्रबंधन कार्य एवं जिला स्तरीय मलेरिया वर्किंग कमेटी की बैठक लेकर अधिकारियों काे दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी नागरिकों को कोरोना वायरस से बचाव के लिए बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जागरूक करें। उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों की ओर से जो भी कार्यक्रम किए जाएं उनमें कोरोना से बचाव के बारे में प्रचार सामग्री वितरित की जाए। कोरोना से बचाव के लिए सार्वजनिक स्थानों पर होर्डिंग के माध्यम से हेल्पलाइन नंबर 7027847102 व एडवाइजरी के बारे में लोगों को जागरूक करें। डीसी ने कहा कि नागरिकों को यह संदेश जाना चाहिए कि कोरोना से भयभीत न हों बल्कि सावधानी बरतना जरूरी है। इसके लिए गांवों व शहरों में अधिक से अधिक जागरूकता कार्यक्रम किए जाएं। जिन गांवों में फोगिंग मशीन नहीं हैं, वहां पर पंचायत विभाग के माध्यम से फोगिंग मशीन खरीदी जाएं तथा शेड्यूल बनाकर फोगिंग का कार्य करवाया जाए। शहर व गांवों में पानी लीकेज वाली जगहों को दुरुस्त किया जाए। जनस्वास्थ्य विभाग, रोडवेज, वन व अन्य विभाग अपने-अपने कार्यालयों में पानी के ठहराव वाली जगहों को साफ रखें।

डॉ. संध्या गुप्ता ने बताया कि कोरोना वायरस से संक्रमण का संदेह वाले मरीजों के लिए वेंटिलेटर आदि की व्यवस्था की गई है, जिसके लिए जिला प्रशासन द्वारा छह प्राइवेट अस्पतालों को सूचीबद्ध किया गया है। सूचीबद्ध अस्पतालों में दो-दो बेड की व्यवस्था की गई हैं जहां पर कोरोना वायरस से संक्रमण का संदेह वाले मरीजों के लिए अलग वार्ड तथा वेंटिलेटर आदि की व्यवस्था है।

गांवों में करवाई जाए फोगिंग, मशीन न हो तो खरीदें

मलेरिया वर्किंग कमेटी की समीक्षा करते हुए डीसी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन गांवों में फोगिंग मशीन नहीं हैं, वहां पर पंचायत विभाग के माध्यम से फोगिंग मशीन खरीदी जाएं तथा शेड्यूल बनाकर फोगिंग का कार्य करवाया जाए। उन्होंने स्कूलों में बच्चों व शिक्षकों को मलेरिया, डेंगू व चिकनगुनिया आदि से बचाव के लिए जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। वहीं शहरी क्षेत्र में नगर परिषद, नगर पालिका व ग्रामीण क्षेत्र में पंचायत विभाग के अधिकारियों को सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

डेंगू-चिकनगुनिया की रोकथाम के लिए भी विशेष प्रबंध

बैठक में डॉ. संध्या गुप्ता ने प्रोजेक्टर पर मलेरिया से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत की। सिविल सर्जन डॉ. जितेन्द्र कादयान ने डीसी को बताया कि जिले में मलेरिया, डेंगू व चिकनगुनिया की रोकथाम के लिए समुचित प्रबंध किए जा रहे हैं। विशेष तौर पर गांव धनाना, बडेसरा, जताई व कुंगड़ आदि गांवों में मलेरिया की रोकथाम के लिए दवाई का छिड़काव किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभिन्न गांवों के तालाबों में गंबूजिया मच्छली भी डाली गई हंै, जो मलेरिया फैलाने वाले मच्छर को समाप्त करती है। उन्होंने बताया कि सामान्य अस्पतालों में मलेरिया, डेंगू व चिकनगुनिया के टेस्ट फ्री किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि निजी अस्पतालों में इन बीमारियों के टेस्ट के लिए फीस 600 रुपये निर्धारित की गई है। इससे अधिक फीस वसूल नहीं की जा सकती, इसके लिए आईएमए को जरूरी निर्देश दिए गए हैं।


14 मार्च को होना था सम्मान समारोह का आयोजन

केपीएम चैरिटेबल ट्रस्ट कार्यालय में जिला सेपक टकरा संघ भिवानी की एक सभा का आयोजन पार्षद हर्षदीप व सुनील शास्त्री की अध्यक्षता में की गई। संघ के प्रधान भानु प्रकाश शर्मा ने बताया कि 14 मार्च को बीकानेर डिवीजन रेलवे स्पोर्ट्स अकादमी भिवानी व जिला सेपक टकरा संघ भिवानी के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले राष्ट्रीय खिलाड़ी सम्मान समारोह को देश में फैले कोरोना वायरस के कारण स्थगित किया गया है। उन्होंने बताया कि यह सम्मान समारोह भविष्य में आयोजित किया जाएगा जिसकी सूचना दे दी जाएगी।

लेघां में 14 से शुरू होना था दो दिवसीय कुश्ती दंगल

भिवानी | लेघां भानान में श्री रामचंद्र कुश्ती अकेडमी के तत्वावधान में 14 व 15 मार्च को आयोजित होने वाले दंगल को कोरोना वायरस के चलते स्थगित कर दिया गया है। यह जानकारी देते हुए दंगल के आयोजक मनोहरलाल व प्रेस प्रवक्ता जितेन्द्र भोलू ने बताया कि सरकार के आदेशानुसार यह दंगल स्थगित किया गया है। उन्होंने बताया कि यह दंगल जल्द ही आयोजित किया जाएगा, जिसकी सूचना शीघ्र ही दे दी जाएगी।

लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में कोरोना वायरस से बचाव प्रबंधन कार्य एवं जिला स्तरीय मलेरिया वर्किंग कमेटी की समीक्षा बैठक को संबोधित करते डीसी अजय कुमार।
खबरें और भी हैं...