- Hindi News
- National
- Jind News Haryana News De Addiction Centers To Be Set Up In Every District Of Haryana In The Year 2020 Dhul
वर्ष 2020 में हरियाणा के हर जिले में स्थापित करवाया जाएगा नशामुक्ति केंद्र : ढुल
हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद के महासचिव कृष्ण ढुल ने कहा कि प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए बाल कल्याण परिषद द्वारा एक विस्तृत कार्य योजना तैयार की जा रही है। इसके तहत प्रदेश के हर जिले में नशामुक्ति केंद्र स्थापित करवाया जाएगा। इसके अलावा पंजाब प्रांत के साथ लगते क्षेत्र में ब्लॉक स्तर पर भी नशामुक्ति केंद्र स्थापित होंगे।
उन्होंने यह जानकारी चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के सभागार में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने कहा कि बाल कल्याण परिषद अनाथ व उपेक्षित बच्चों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चला रही है ताकि इन बच्चों को समाज की मुख्य धारा में शामिल कर प्रदेश का विकास तेजी से करवाया जा सके। उन्होंने कहा कि अब बाल कल्याण परिषद इसके साथ-साथ प्रदेश को नशामुक्त बनाने की दिशा में भी आवश्यक कार्य करने जा रही है। परिषद द्वारा प्रदेश के आठ जिलों में नशामुक्ति केंद्र स्थापित करवाए जा चुके हैं। अब इनका विस्तार करते हुए हर जिले में ही नहीं, बल्कि ब्लॉक स्तर पर भी होगा। उन्होंने कहा कि नशामुक्ति को लेकर हरियाणा में एक नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया जाएगा। यह अधिकारी शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, श्रम विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता समेत कई विभागों के साथ मिलकर काम करेगा। उन्होंने कहा कि 23 मार्च को शहीदी दिवस के उपलक्ष्य पर बाल कल्याण परिषद द्वारा करनाल जिले में एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाना था, लेकिन कोरोना वायरस के कारण इस कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया है।
अब भविष्य में इस कार्यक्रम के आयोजन को लेकर नई तिथि का निर्धारण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज कई जिलों के बाल कल्याण अधिकारियों की बैठक भी ली गई है। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बाल कल्याण परिषद के माध्यम से जितनी भी योजनाएं चलाई जा रही है, उन सभी का लाभ प्रत्येक पात्र बच्चे तक हर हाल में पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि बाल कल्याण परिषद के गठन का मुख्य उद्देश्य बच्चों का कल्याण करना है, इसलिए अधिकारी इसे न केवल अपनी ड्यूटी बल्कि अपना नैतिक फर्ज समझते हुए निभाएं। इस अवसर पर सीनियर बाल कल्याण अधिकारी ओपी मेहरा, सरोज मलिक, मंडल बाल कल्याण अधिकारी अमरनाथ नरवाल, प्रदीप मलिक, मिलन पंडित, खुशमिंदर सिंह, जिला बाल कल्याण अधिकारी जींद अनिल सिंगला मौजूद रहे।
जींद. पत्रकारों से बातचीत करते हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद के महासचिव कृष्ण ढुल। फोटो | भास्कर