- Hindi News
- National
- Rajound News Haryana News Despite Getting The Status Of Adarsh Village The Condition Of The Seam Has Not Improved People Are Getting Worried Due To Mud In The Streets
आदर्श गांव का दर्जा मिलने के बावजूद सीवन के नहीं सुधरे हालात, गलियों में कीचड़ से लोग हो रहे परेशान
कस्बा सीवन को आदर्श गांव का दर्जा मिलने के बावजूद मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। सीवन के चारों तरफ फैली गंदगी आदर्श गांव की पोल खोल रही है। गलियां कीचड़ से भरी हैं। सीवन में सरकारी अस्पताल के रास्ते नगर में प्रवेश करने वाले लोगों को सड़क पर खड़े गंदे पानी में से गुजर कर जाना पड़ता है। इस रास्ते पर गंदा पानी जमा रहता है जिससे वहां रहने वाले लोग नारकीय जीवन जीने पर मजबूर हैं। इसी रास्ते पर गाेगा माड़ी, राजकीय प्राथमिक पाठशाला, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, जन स्वास्थ्य विभाग का नलकूप स्थित है। लोगों को अस्पताल में जाने के लिए इस पानी के बीच में से गुजरना पड़ता है और बच्चों को स्कूल जाने के लिए अपने पैर और कपड़े गंदे करने पड़ते हैं। सीवन का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आसपास के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करवाता है परंतु इस अस्पताल में पहुंचने के लिए लोगों को इस गंदगी को पार करना पड़ता है। आसपास के गांव के लोग इसी गंदगी के बीच में से गुजर कर अस्पताल तक पहुंच पाते हैं। नगर से गंदे पानी की निकासी के लिए सीवरेज के पाइप तो बिछाए जा चुके हैं परंतु अभी तक एमपीएस का निर्माण आरंभ नहीं हुआ है जिसके कारण सीवरेज के पाइप अभी चालू नहीं किए गए हैं। जब तक सीवरेज आरंभ नहीं होगा तब तक लोगों को इस गंदगी में से ही गुजरना होगा। लोगों की मांग है कि जल्द से जल्द सीवरेज का कार्य पूरा करवाया जाए और उसे चालू करवाया जाए ताकि इस गंदगी से निजात पाई जा सके।
श्मशानघाट वाली गली का निर्माण न होने से लोगों में रोष
राजौंद | कस्बे के वार्ड नंबर-6 में पीएनबी बैंक के साथ लगती श्मशानघाट की गली का निर्माण डीसी के आदेश के बावजूद भी ज्यों का त्यों पड़ा है। जिससे खफा लोगों ने रोष जताया। आरोप है कि गली में कीचड़ व गंदे पानी से खाली निकलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों राजौंद में लगे खुले दरबार में डीसी को श्मशान घाट की गली बनवाने की गुहार लगाई थी जिस पर डीसी पर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र इस पर कार्य करने के आदेश जारी किए थे। लेकिन आदेश पर काम नहीं हाे पाया है। लोगों ने कहा कि जब श्मशान घाट की गलियों की यह दशा है तो नगर में आम गलियों की दशा क्या होगी इससे कुछ छुपा नहीं है। वार्ड वासी प्रेम, सत्ता, चुड़िया, तेजा, देेवेंद्र, रामेश्वर, कंवरपाल, सुरेंद्र, काला, महीपाल, तरसेम, सत्यवान ने बताया कि अगर थोड़ी सी बरसात होती है तो यह गली पानी व कीचड़ से लबालब भर जाती है जिससे निकलना मुश्किल हो जाता है।
नगरपालिका सचिव कुलदीप मलिक ने बताया कि अगले सप्ताह तक गली का निर्माण कार्य शुरू करवाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। इस बारे में एमसी प्रतिनिधि रोहित शर्मा ने बताया कि रिवाइज के लिए डीसी को लिखा हुआ है जैसे ही मंजूर होता है कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
सरपंच पवनदीप कौर ने बताया कि गांव की गलियों की रिपेयर का काम शुरू करवा दिया गया है और जल्द ही सभी गलियों में ब्लाॅक लगाकर सही कर दिया जाएगा।
सीवन | मुख्य सड़कों व गलियों में फैली गंदगी।
राजौंद | वार्ड नंबर 6 के श्मशान घाट वाली गली में भरे पानी से खफा रोष प्रकट करते वार्डवासी।