- Hindi News
- National
- Cheeka News Haryana News Despite Orders The Power Corporation Officers Are Not Removing Transformers And Iron Poles Standing In The Middle Of The Road
आदेशों के बावजूद सड़क के बीच खड़े ट्रांसफार्मर व लोहे के पोल नहीं हटा रहे बिजली निगम अधिकारी
चीका शहर की फोरलेन सड़क के बीच में आए ट्रांसफार्मर व बिजली के पोलों को हटाने को लेकर जिस प्रकार से अधिकारी सुस्ती दिखा रहे हैं, उससे लगता है कि बिजली अधिकारियों के लिए सरकार के आदेश कोई मायने नहीं रखते। जब से शहर में सड़क का निर्माण कार्य शुरू हुआ है तब से लेकर आज तक गुहला रोड से प्रदेश के मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक, पूर्व विधायक व उच्च अधिकारी दर्जनों बार गुजर चुके हैं। स्थानीय लोग मुख्यमंत्री से लेकर मंत्री, विधायक तक को गुहला रोड पर सरकारी स्कूल के समाने सड़क के बीचोंबीच खड़ा बिजली का ट्रांसफार्मर, बिजली के खंभे व लोहे के पोलों को हटाने की गुहार लगा चुके हैं लेकिन आज तक यह ट्रांसफार्मर व पोल नहीं हटे हैं। लोगों में चर्चा होने लगी हैं कि शायद बिजली निगम के अधिकारियों व ठेकेदार पर सरकार के आदेश लागू ही नहीं होते।
चेयरमैन के आदेशों को भी डाला ठंडे बस्ते में: गत दिनों शहर के विश्रामगृह में खुला दरबार लगाने आए शुगरफेड के चेयरमैन हरपाल सिंह से शहरवासियों ने सड़क के बीच खड़े ट्रांसफार्मर व लोहे के पोल हटाने की गुहार लगाई थी। चेयरमैन ने तुरंत विभाग के एससी को फोन कर इस संबंध में कार्यवाही करने के आदेश दिए थे लेकिन अधिकारियों ने इन आदेशों को भी ठंडे बस्ते में डाल दिया।
नपा चेयरपर्सन ने लिखा पत्र: नगरपालिका की चेयरपर्सन अमनदीप कौर शर्मा ने बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों को पत्र लिख सड़क के बीच में खड़े ट्रांसफार्मर व लोहे के पोल हटाने और सड़क पर रखे ट्रांसफार्मरों को ऊंचा करने या उन्हें कवर करने के लिए पत्र लिखा है। अपने पत्र में चेयरपर्सन ने कहा कि जनता की सुविधा को देखते हुए अधिकारी इस दिशा में तुरंत प्रभाव से कार्य करें।
जमीन पर रखे ट्रांसफार्मर दे रहे हादसों को न्योता
सरकार ने वर्षों पहले लोहे के खंभे हटा, उनकी जगह सीमेंट के पोल लगाने के आदेश बिजली निगम को दिए थे, लेकिन शहर में आज भी दर्जनों बिजली के पोल खड़े हैं। इसी प्रकार से सड़क किनारे, पार्कों में, चौक में दर्जनों बिजली के ट्रांसफार्मर या तो जमीन पर रखें या बहुत कम ऊंचाई पर। इन ट्रांसफार्मरों को कोई भी बच्चा या पशु आसानी से छू सकता है। लोगों द्वारा बार-बार मांग करने के बावजूद बिजली निगम के अधिकारी इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं।
सड़क बनाने के साथ-साथ ट्रांसफार्मर व सभी तरह के पोल हटाने का काम पीडब्ल्यूडी का है। बिजली विभाग ने केवल सुपरविजन करना है। हम अपनी तरफ से पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को कई बार पत्र लिख चुके हैं। गुहला रोड पर खड़ा ट्रांसफार्मर वास्तव में हादसे का कारण बन सकता है लेकिन इसे पीडब्ल्यूडी ने ही हटाना है।
राहुल वर्मा, एसडीओ बिजली निगम चीका।
गुहला चीका | गुहला रोड़ पर सरकारी स्कूल के मैन गेट के सामने सड़क के बीचोंबीच खड़ा बिजली का ट्रांसफार्मर।
एक जगह खड़ा लोहे का पोल।