पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Rewari News Haryana News Digital Accounts Opened From Aadhaar Update At The Only Women Sub Post Office In 4 Districts

4 जिलों के इकलाैते महिला उप-डाकघर में आधार अपडेट से लेकर खोले डिजिटल अकाउंट

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

डाक विभाग की ओर से विश्व महिला दिवस पर महिला सशक्तीकरण की पहल को आगे बढ़ाते हुए रेवाड़ी में गुड़गांव मंडल का पहला महिला उप डाकघर खोला गया है। शहर के गोकल बाजार में चल रहे उप डाकघर को ही महिला उप डाकघर में तब्दील किया गया है। रविवार को महिला उप डाकघर के शुभारंभ पर जिला प्रमुख शशिबाला ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। इस डाकघर में सभी कर्मचारी महिलाएं ही कार्यरत हैं। फिलहाल इसमें तीन महिलाओं का स्टाफ काम करेगा। महिला उप डाकघर खुलने से डाकघर में खाता खुलवाने के लिए आने वाली महिलाओं को काफी सुविधाएं मिल सकेंगी। चार जिलाें गुड़गांव, महेंद्रगढ़, मेवात व रेवाड़ी में से यह पहला महिला डाकखाना है।

मुख्य अतिथि जिला प्रमुख ने कहा कि सरकार का महिला दिवस पर यह कदम सराहनीय है। डाकघर में महिलाओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। डाकघर के एएसपीओ जवाहर सिंह ने बताया कि उप डाकघर में फिलहाल 20 हजार से ज्यादा खाते खुले हुए हैं। डाकघर में सुकन्या समृद्धि योजना खाता, इंडिया पोस्ट पेमेन्ट बैंक, बचत खाता, किसान विकास पत्र, राष्ट्रीय बचत पत्र, अटल पेंशन सेवा, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना सहित अन्य डाक सुविधाएं महिला डाकघर में आमजन को मिलेगी। उन्होंने बताया कि महिला दिवस के अवसर पर उप डाकघर में कैंप भी लगाया। जिसमें आधार अपडेट करने के साथ ही आईबीपी डिजिटल खातों के अलावा लोगों ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा, अटल पेंशन सेवा, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना व अन्य सुविधाओं का भी लाभ उठाया। इस मौके पर मीनाक्षी कटारिया, गुड़गांव से डाक अधीक्षक चरणजीत सिंह, हिम्मत सिंह, एसके भाटिया, रामकिशोर, पूनम लता, नीतू शर्मा व रेनू यादव सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।

रेवाड़ी के गोकल बाजार में महिला डाकघर के शुभारम्भ पर उपस्थित महिला कर्मचारी और मुख्यातिथि को जानकारी देते डाक अधीक्षक चरणजीत सिंह।
खबरें और भी हैं...