- Hindi News
- National
- Ratia News Haryana News Director Of Public Works Department Asks For Twin Bridges Obstruction In Shifting Of Bridges
लोक निर्माण विभाग के निदेशक ने मांगा जुड़वां पुलों का सिजरा, पुलों काे शिफ्ट करने के काम में आई बाधा
लोक निर्माण विभाग की अाेर से रतिया भूना रोड पर डेढ़ करोड़ रुपये खर्च कर 2 साल पहले रतिया मुख्य ब्रांच व रत्ताखेड़ा ब्रांच नहर पर बनाए नए जुड़वां पुलों की शिफ्टिंग का काम विभाग की लापरवाही के कारण लटका हुआ है।
दरअसल विभाग ने निर्माण के दौरान तहसील कार्यालय से पुलों के साथ आसपास का सिजरा यानि नक्शे को फाइल के साथ अटैच कर भेजना था। अभी तक विभाग ने सिजरा नहीं भेजा। अब लोक निर्माण विभाग के निदेशक ने विभाग से पुलों का सिजरा बनवाकर भेजने का कहा है। विभाग ने शुक्रवार को कार्रवाई शुरू कर दी है। जेई विजय कुमार ने सिजरा बनवा कर तहसील कार्यालय में तस्दीक के लिए भेज दिया। विभाग के निदेशक के पास जाने के बाद पुलों की शिफ्टिंग का काम का काम शुरु होगा। फिलहाल पुराने पुलों से ही वाहनों का आवागमन हो रहा है जिससे हादसों का खतरा रहता है। इन पुलों के कारण पिछले कुछ सालों में नहर में वाहन गिरने की काफी घटनाएं हो चुकी है। हादसों में अनेक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। विभाग की लेट लतीफी के कारण पुल शिफ्ट नहीं हो पा रहे। जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। ये पुल करीब 65 साल पुराने है।
पुराने पुलों की चौड़ाई कम होने के कारण हादसों का खतरा
भूना रोड पर रतिया व रत्ताखेड़ा ब्रांच दोनों नहरें पास- पास से गुजरती हैं। पुलों की चौड़ाई 12-12 फुट है। पुल के दोनों ओर सड़क घुमावदार है। दोनों ही तरफ से आने वाले वाहन चालक अचानक मोड़ पर संतुलन खो बैठते हैं, जिससे वाहन नहर में गिर जाते हैं। अब तक वाहन गिरने के करीब 20 हादसे हो चुके हैं। इनमें करीब 18 लोग गाडिय़ों समेत डूबने से मारे जा चुके हैं और इससे कहीं ज्यादा लोग हादसों में घायल हो चुके हैं। पिछले 40 सालों से शहरवासी पुलों को सीधा करने की मांग कर रहे हैं। पुलों का निर्माण भाखड़ा निर्माण के समय साल 1954 में किया गया था। तब पुल आबादी व वाहनों के आवागमन के हिसाब से छोटे बनाए गए थे
नए पुलों की चौड़ाई 23 फुट
नए पुलों की चौड़ाई को बढ़ाकर 23 फुट किया गया। पुलों को अपनी मूल जगह से हटा कर विभाग ने एक किसान के साथ दो कनाल जगह का तबादला किया है। पुलों को बनाने के साथ- साथ सड़क को भी सीधा किया है। इस पर डेढ़ करोड़ रुपये खर्च हुए है। पुलों के साथ घुमावदार रोड को भी सीधा किया गया है। विभाग ने पुल तो बना दिए, लेकिन शिफ्ट नहीं किया। अधूरा काम होने के कारण चालकों को पुराने खस्ताहाल पुलों से ही आना जाना पड़ रहा है। इससे हादसों को खतरा बना हुआ है।
सिजरा तैयार कर तसदीक के लिए दिया
पुराने पुलों को शिफ्ट करने को लेकर फाईल के साथ सिजरा अटैच नहीं किया था। उच्चाधिकारियों के आदेश पर सिजरा तैयार कर तस्दीक के लिए रतिया तहसीलदार कार्यालय में जमा करवाया है।\\\'\\\' - विजय, जेई, बीएंडआर|
अधिकारियों से करवाएंगे तस्दीक : एसडीओ
विभाग के अलावा पंचायती विभाग के निदेशक ने सिजरा मांगा है। सिजरा तैयार करवा कर बीएंडआर, डीडीपीओ, बीडीपीओ,तहसीलदार व डीआरओ से तस्दीक करवा कर डीसी कार्यालय में दिया जाएगा। \\\'\\\' - रविंद्र, एसडीओ,बीएंडआर|
भूना रोड पर नया पुल शिफ्ट न होने के कारण पुराने पुल से गुजरते वाहन चालक, जिसका नया सिजरा भेजा गया है।