- Hindi News
- National
- Ratia News Haryana News Electricity Corporation To Put 254 Poles On 18 New Feeders And Loose Lines 50 Villages To Benefit
18 नए फीडर अाैर ढीली लाइनों पर 254 पोल लगाएगा बिजली निगम, 50 गांवों को होगा लाभ
गर्मी के सीजन में ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली सप्लाई देने के लिए बिजली निगम ने नए फीडर, पोल व पुरानी लाइनों को बदलने का प्लान तैयार किया है। इससे रतिया ग्रामीण क्षेत्र से जुड़े 50 गांवों के ग्रामीणों को फायदा होगा। 24 घंटे बिजली सप्लाई मिलने से जहां गर्मी के सीजन में ग्रामीणों को राहत मिलेगी की वहीं बिजली निगम के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी। निगम ने खस्ताहाल लाइनों, पोल, ट्रांसफार्मरों को चिन्हित कर लिया है।
फीडरों काे दाे हिस्सों में बांटकर दी जाएगी सप्लाई
निगम ने करीब 24 गांवों में ऐसे फीडरों को चिन्हित किया है जो पुराने है। लंबी दूरी होने के कारण उन पर लोड भी ज्यादा है। उनके साथ-साथ अतिरिक्त फीडर लगाए जाएंगे। अधिक लोड वाले फीडरों का कुछ लोड नए फीडरों पर शिफ्ट किया जाएगा। जिसमें खेतों में लगे ट्यूबवेल व गांवों के लोड को शामिल किया जाएगा। पुराने फीडरों को दो हिस्सों में बांटकर बिजली सप्लाई दी जाएगी। इससे बार बार ट्रीपिंग, वोल्टेज कम होने की समस्या से निजात मिलेगी। ये फीडर 132 केवी रतिया, 33 बलियाला, रोजांवाली, नीमड़ी, कमाना, रत्ताखेड़ा, हांसपुर, फूलां सब स्टेशनों से निकाले जाएंगे। जिनमें लुठेरा, नागपुर,लाली, अलीका, तामसपुरा, खूनन, मानकपुर, रोजावाली, रत्ताखेड़ा के फीडर शामिल है।
ट्रांसफार्मरों की बढ़ाई जाएगी क्षमता
बिजली निगम के 50 गांवों में कुल 1 हजार ट्रांसफार्मर हैं। इनमें 25, 63,100 व 200 किलोवाट के ट्रांसफार्मर शामिल है। निगम ने 400 ट्रांसफार्मरों का अपग्रेड करने का निर्णय लिया है। इनमें ओवर लोड चल रहे 25, 63,100 किलोवाट के ट्रांसफार्मरों का लोड बढ़ाया जाएगा ताकि गर्मी के सीजन में आेवर लोड के कारण ट्रांसफार्मर ऑटो कट से सप्लाई बंद न करे ओर उनके जलने की नौबत न आए।
2 चरणों में होगा काम
बिजली निगम द्वारा नए पोल लगाने, फीडर निकालने, ट्रांसफार्मरों के लोड बढ़ाने का काम 2 चरणों में किया जाएगा। गांव व ढाणियों में लगे ट्रांसफार्मरों के लोड बढ़ाने, पोल बदलने का काम गर्मी के सीजन से पहले होगा। जबकि खेतों के बीच फीडर निकालने का काम गेंहूं की कटाई के सीजन के तुरंत बाद शुरु होगा।
कई पाेल कंडम कुछ जगह गैप ज्यादा : मौजूदा समय में ग्रामीण बिजली निगम के अधीन आने वाली लाइनों पर कुल 6200 बिजली के पोल लगे हैं। जिनमें एच पोल व सिंगल पोल शामिल हैं। कई पोल कंडम है व कुछ लाइनों के बीच गैप ज्यादा होने के कारण गर्मी के सीजन में सूर्य की तपिश व लोड के कारण तार ढीले हो जाते हैं। इस समस्या के समाधान के लिए कुल 254 पोल लगाए जाएंगे। इससे हादसों व लाइन के टूटने की समस्या से निजात मिलेगी। अतिरिक्त पोल के लिए डिमांड भेजी गई है।
नए फीडर और पोल लगाने का प्लान : एसडीओ
बिजली निगम के ग्रामीण एसडीओ वरुण मेहता ने बताया कि गर्मी के सीजन को लेकर नये फीडर निकालने, पुराने पोल बदलने व ट्रांसफार्मरों के लोड बढ़ाने का प्लान है। जल्द ही काम शुरू कर दिया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के करीब 50 गांवों में बिजली व्यवस्था में सुधार होगा।