- Hindi News
- National
- Jind News Haryana News Gymkhana Club Toilets Sunk The Floor Causing Problems To Members
जिमखाना क्लब के शौचालयों का फर्श धंसा, सदस्यों को हो रही परेशानी
सेक्टर 9 में बने जिमखाना क्लब में बने शौचालयों के फर्श जमीन में धंस गए हैं। इसके चलते यहां आने वाले सदस्यों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अभी इसका उद्घाटन हुए दो साल भी नहीं हुए हैं और शौचालयों की जमीन धंसनी शुरू हो गई है। इस तरफ हुडा प्रशासन ने कोई ध्यान नहीं दिया है।
सेक्टर 9 में हुडा विभाग द्वारा जिमखाना क्लब का निर्माण किया गया था। अक्टूबर 2017 में सीएम मनोहरलाल ने इसका उद्घाटन किया था लेकिन दो साल में ही इसके निर्माण को लेकर सवाल उठ रहे हैं। यहां बने शौचालय की जमीन धंस चुकी है। अधिकारियों की माने तो यहां बनी पाइप लाइन लीकेज हो गई थी, जिस कारण जमीन धंस गई है। फिलहाल इसका काम करवाने के लिए हुडा अधिकारियों को लिखा गया है, लेकिन कई दिनों से यह काम पूरा नहीं हो सका है। तत्कालीन हुडा सरकार में सीएम घोषणा पर साल 2013 में जिमखाना क्लब का निर्माण कार्य शुरू हुआ था और साढ़े चार करोड़ की लागत से करीब ढाई साल पहले बनकर तैयार हो गया था। अक्टूबर 2017 में सीएम मनोहरलाल ने इसका उद्घाटन किया था, लेकिन अब शौचालयों की जमीन धंसने से सदस्यों को परेशानी हो रही है। जिमखाना क्लब के कुल 150 सदस्य हैं। प्रतिदिन अधिकतर सदस्य यहां आते हैं। यहां खाने के अलावा जिम व अन्य सुविधाएं भी सदस्यों को प्रदान की जाती है।
जल्द करवाया जाएगा ठीक : कमल
शौचालय की खराब हालत को लेकर हुडा के एसडीओ को बता दिया गया है। उन्होंने सोमवार को आने की बात कही है। उसके बाद इसे ठीक करवा दिया जाएगा।
-कमल, मैनेजर, जिमखाना क्लब
जिमखाना क्लब में ये सुविधाएं
जींद जैसे छोटे शहर में पहले जिमखाना क्लब जैसी कोई सुविधा नहीं थी। हुडा सेक्टरों में रहने वाले लोगों को विवाह व अन्य कार्यक्रमों के लिए होटल बुक करने पड़ते थे। वहीं ऐसी भी कोई जगह नहीं है जहां पार्टी की जा सके या कोई फैमिली प्रोग्राम कर सकें। सेक्टर नौ में बने जिमखाना क्लब में कार्ड रूम, टीवी लाऊंज, किटी पार्टी हॉल, डायनिंग हॉल व बार की सुविधा दी जा रही है। यहां लोग शादियों के लिए क्लब को बुक करा सकते हैं। लंच या डिनर के लिए डायनिंग हाॅल बनाया गया है, जहां 60 से 70 सदस्यों के बैठने की व्यवस्था है।
जींद. जिमखाना क्लब के शौचालय में धंसा फर्श।