शिविर में 102 महिलाओं के स्वास्थ्य की हुई जांच
भारत विकास परिषद शाखा भिवानी की ओर से शाखा अध्यक्ष अशोक कुमार शर्मा, शाखा महिला अध्यक्ष रेखा गुप्ता व जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा की देखरेख में गांव कितलाना के संत गंगानाथ नर्सिंग कॉलेज में नि:शुल्क महिला स्वास्थ्य जांच शिविर किया गया। शिविर का शुभारंभ परिषद सदस्यों द्वारा राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम का गायन करके किया गया। शिविर में चिकित्सक महिला एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डाॅ. कमला भारद्वाज, डाॅ. स्वाति भारद्वाज, दंत रोग विशेषज्ञ डाॅ. शशि ने अपनी सेवाएं दी। शिविर में लगभग 102 महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा उन्हें नि:शुल्क दवाइयां भी वितरित की गई।
डाॅ. शिवशंकर भारद्वाज ने कहा कि मानव सेवा को ध्यान में रखते हुए भारत विकास परिषद द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अस्पताल तक नहीं पहुंच पाता उन्हें शिविरों के माध्यम से परिषद द्वारा स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जाती हैं। कॉलेज की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी। कॉलेज प्राचार्या द्रोपदी देवी ने कहा कि इस प्रकार के शिविरों का आयोजन होते रहना चाहिए ताकि जरूरतमंद व्यक्ति को स्वास्थ्य सेवा मिल सके। महिला अध्यक्ष रेखा गुप्ता ने महिलाओं के विकास व महिला सशक्तिकरण के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
शाखा अध्यक्ष अशोक कुमार शर्मा ने सभी परिषद सदस्यों, चिकित्सकों, अतिथिगण व कॉलेज स्टाफ सदस्यों की सराहना की तथा राष्ट्रीय गान के साथ शिविर का समापन किया। इस अवसर पर सुमन वर्मा, मनीषा बंसल, सारिका कोकड़ा, डाॅ. संध्या गर्ग, किरण शर्मा, अंजु तायल, महाबीर प्रसाद तायल, विजय कुमार गुप्ता आदि मौजूद थे।