- Hindi News
- National
- Karnal News Haryana News Health Department Runs Awareness Campaign Against Corona
स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना से बचाव को चलाया जागरूकता अभियान
घरौंडा | भारत में कोरोना वायरस की दस्तक के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। स्वास्थ्य विभाग ने जागरूकता अभियान शुरू कर दिए हैं। शनिवार को आईसीटीसी सेंटर के काउंसलर व उनकी टीम ने शहर की एक राइस मिल में श्रमिकों को कोरोना वायरस के साथ-साथ एचआईवी व टीबी से बचाव की विस्तृत जानकारी दी। काउंसलरों के मुताबिक कोरोना घातक बीमारी हो चुकी है। इस महामारी से पूरी दुनिया प्रभावित हो चुकी है। इसलिए छोटी-छोटी सावधानियों से ही इन जानलेवा बीमारियों से बचा जा सकता है।
शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के आईसीटीसी सेंटर के काउंसलर अजय कपूर व उनके सहयोगी एमपीएचडब्ल्यू पवन कुमार शहर की एक राइस मिल में पहुंचे। एसएमओ डॉ. मुनेश गोयल के निर्देश पर शुरू हुए जागरूकता अभियान के दौरान काउंसलर अजय कपूर ने राइस मिल के श्रमिकों सबसे पहले कोरोना वायरस की जानकारी दी। चीन के वुहान से पनपे इस वायरस ने हजारों लोगों की जान ली है और लाखों लोग इससे प्रभावित हो चुके है। भारत में भी यह वायरस पनपने लगा है। उन्होंने बताया कि यदि आप कोरोना वायरस से संक्रमित व्यक्ति किसी व्यक्ति के संपर्क में आए है तो दो सप्ताह तक संपर्क सीमित करें और अलग कमरे में सोए, छींकते और खांसते समय नाक और मुंह को ढकें। नियमित रूप से साबुन और पानी से हाथ धोएं अाैर जिस व्यक्ति में खांसी, जुकाम या बुखार के लक्षण हो उससे दूरी बनाए रखें। इसके अलावा एचआईवी एड्स से बचने के लिए सावधानियां बरतें। एड्स एक लाइलाज बीमारी है। इसको सिर्फ सावधानियों से ही हराया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने एचआईवी जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आईसीटीसी सेंटर खोला है। जिसमें नियमित रूप से व्यक्ति अपनी जांच करवा सकता है। यह पूरी तरह से गोपनीय होता है।