- Hindi News
- National
- Ratiya News Haryana News Health Minister Sought Report From Dgp In 10 Days In Case Of Intoxication
नशे के मामले में स्वास्थ्य मंत्री ने डीजीपी से 10 दिन में मांगी रिपोर्ट
स्पेशल पब्लिसिटी सैल हरियाणा के चेयरमैन एवं नशा विरोधी सैल के प्रमुख रॉकी मित्तल द्वारा रतिया में नशा मामले की स्वास्थ्य मंत्री को सौंपी गई रिपोर्ट पर संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने डीजीपी से 10 दिन में मामले की रिपोर्ट मांगी गई है। इसमें शहर पुलिस, सदर पुलिस व महमड़ा पुलिस चौकी के कर्मचारियों पर नशा मामले में कार्रवाई न करने व नशा की सूचना देने पर एक महिला का नाम उजागर करने के आरोप लगाए है। ऐसे में अब पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।
ये है मामला
स्पेशल पब्लिसिटी सैल हरियाणा के चेयरमैन एवं नशा विरोधी सैल के प्रमुख रॉकी मित्तल प्रदेश सरकार द्वारा नशे के खिलाफ चलाई मुहिम के तहत बीती 22 फरवरी को वे रतिया आए थे। गांव भुंदड़वास में कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने के आरोप लगाए। ग्रामीणों को कहना था कि इसी कारण नशा फैल रहा है। वार्ड नंबर 5 के लोगों ने भी आरोप लगाया कि वे पुलिस को तस्करों की शिकायत करते है तो उन पर ही केस केस बनाने की धमकी देते हैं।
170 नशीली टेबलेट सहित बाइक सवार काबू
रतिया| सदर पुलिस ने गांव कलदरगढ़ के पास बाइक सवार युवक से 170 टेबलेट को बरामद की है। आरोपी की पहचान गांव नन्हेड़ी निवासी सर्वजीत सिंह के रुप में हुई है। पुलिस ने आरोपी ने खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार एएसआई राधेश्याम अपनी टीम के साथ गांव कलदरगढ़ के पास रंगोई नाला पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी एक बिना नंबर की बाइक पर सवार युवक ने पुलिस टीम को देखकर बाइक के हैंडल पर लटकाए लिफाफे को रोड पर फैंक दिया। पुलिस ने तलाशी ली तो उसमें नशे की ट्रामाडोल साल्ट की 170 टेबलेट मिली। आरोपी ने भागने का प्रयास किया तो पुलिस ने उसे मौके पर पकड़ लिया।
मंत्री ने 10 दिन में जवाब मांगा है : मित्तल
स्पेशल पब्लिसिटी सैल हरियाणा के चेयरमैन एवं नशा विरोधी सैल के प्रमुख रॉकी मित्तल ने कहा कि लोगों द्वारा पुलिस पर लगाए आरोप व महिला का नाम सार्वजनिक करने के मामले की रिपोर्ट स्वास्थ्य मंत्री को सौंपी थी। स्वास्थ्य मंत्री ने डीजीपी से 10 दिन में जवाब मांगा है।