पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Kurukshetra News Haryana News Heritage Circuit Rides Will Make Pilgrimage To Kurukshetra On Cycle

हेरिटेज सर्किट राइड कराएगी साइकिल पर कुरुक्षेत्र के तीर्थों का दर्शन

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

कुरुक्षेत्र के तीर्थों पर टूरिज्म को प्रमोट करने के लिए कुरुक्षेत्र हेरिटेज सर्किट राइड शुरू होगी। 48 कोस की यात्रा कर कुरुक्षेत्र और हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत को दिखाने के लिए साइकिल से तीर्थों के दर्शन होंगे। पैडल बिओंड संस्था व कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड ने मिलकर उक्त योजना तैयार की है। इस योजना में यात्री साइकिल पर तीर्थों का अवलोकन कर सकेंगे।

अगर यात्रियों में इस योजना को लेकर उत्साह नजर आया तो कुरुक्षेत्र में फिर से साझी साइकिल योजना को भी शुरू किया जाएगा। पैडल बिओंड संस्था के सदस्य राजेन्द्र कलेर व उनकी टीम के सदस्य 15 मार्च को सुबह साढ़े छह बजे से साइकिल राइड शुरू करेंगे। ओपी जिंदल चौक से पहली साइकिल यात्रा को केडीबी के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा हरी झंडी देकर रवाना करेंगे।

पहले चरण में 15 किमी की साइकिल राइड : मदन मोहन छाबड़ा के मुताबिक पैडल बिओंड संस्था और केडीबी ने मिलकर कुरुक्षेत्र हेरिटेज सर्किट राइड योजना तैयार की है। इसके तहत संस्था के सदस्य प्रथम चरण में 15 किलोमीटर की यात्रा करेंगे। इस यात्रा के दौरान रनतुक यक्ष, ब्रह्मसरोवर, बौध स्तूप, दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर, बिरला मंदिर, गोड़िया मठ और जयराम विद्यापीठ के साथ-साथ अन्य तीर्थों का अवलोकन करेंगे। साइकिल सवारों का यह जत्था नियमित रूप से निर्धारित शेड्यूल के अनुसार कुरुक्षेत्र के सभी तीर्थों का अवलोकन करेगा। मकसद कुरुक्षेत्र में पर्यटन को बढ़ाना है।

युवाओं को प्रेरित करने को राइड : यह यात्रा युवाओं और अन्य तीर्थ यात्रियों को प्रेरित करने के उद्देश्य से शुरू की है। साथ ही साइक्लिंग को बढ़ावा दिया जाएगा। जिससे एक तरफ जहां लोगों का स्वास्थ्य ठीक होगा। वहीं अपने संस्कारों और संस्कृति की धरोहर को भी देख सकेंगे। पैडल बिओंड संस्था के राजेन्द्र कलेर, आशुतोष सांगवान, अगम गर्ग व उनके 150 साथी साइकिल राइड को प्रमोट करेंगे। बता दें कि शहर में साइक्लिंग को बढ़ावा देने के लिए पूर्व डीसी सुमेधा कटारिया ने विभिन्न संस्थाओं के साथ मिलकर साझी साइकिल योजना शुरू की थी। इसके तहत कुछ चुनिंदा सार्वजनिक स्थलों पर बाकायदा साइकिल रखी गई। इसके लिए पास की भी व्यवस्था की। लेकिन यह योजना कुछ ही दिनों में दम तोड़ गई। अब हेरिटेज साइकिल राइड योजना को यदि अच्छा रिस्पांस मिलता है तो साझी साइकिल योजना को नए तरीके से भी शुरू किया जाएगा। मानद सचिव छाबड़ा के मुताबिक पहले संस्था सदस्य खुद राइड करेंगे। धीरे धीरे अन्य लोगों को इससे जोड़ा जाएगा। इसके बाद रिस्पांस को देख साझी साइकिल योजना शुरू होगी।
खबरें और भी हैं...