- Hindi News
- National
- Bawal News Haryana News Highway Authority Refuses To Give 65 Million Rupees To Pwd Will Repair Itself Proposal For New Construction Will Be Made
हाईवे प्राधिकरण का पीडब्ल्यूडी को साढ़े 6 करोड़ देने से इंकार कहा- खुद कराएंगे मरम्मत, नए निर्माण का प्रस्ताव बनेगा
शहर के बावल रोड की बदहाली को लेकर पीडब्ल्यूडी की तरफ से मांगे गए साढ़े 6 करोड़ रुपए के बजट को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने साफ इंकार कर दिया है। प्राधिकरण इस सड़क की दशा अब खुद सुधारेगी। इसके लिए प्राधिकरण ने सड़क की मरम्मत के लिए प्रक्रिया शुरू करते हुए इसके लिए मेंटीनेंस विंग को इसका प्रस्ताव भेज दिया है। फिलहाल एक सप्ताह के बाद सड़क की मरम्मत का काम प्रारंभ हो जाएगा। जल्द ही अधिकारी सड़क का निरीक्षण करके नए सिरे से निर्माण की प्रस्ताव की प्रक्रिया आगे बढ़ाएंगे।
रोड को देखने खुद आएंगे अफसर
दैनिक भास्कर ने 9 मार्च के अंक में बावल रोड की बदहाली को लेकर पीडब्ल्यूडी और हाइवे प्राधिकरण की तरफ से की जा रही कागजी कसरत को लेकर समाचार प्रकाशित किया था। पीडब्ल्यूडी ने सड़क की मरम्मत उस समय नहीं कराई जब यह उसके पास थी लेकिन जब इसे राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को हस्तांतरित किया तब इसकी मरम्मत के लिए साढ़े 6 करोड़ रुपए का बजट मांगा था। विभाग की तरफ से यह एस्टीमेट प्राधिकरण को भेजकर इसके लिए जल्द निविदाएं आमंत्रित करने का अनुरोध किया था लेकिन प्राधिकरण ने पीडब्ल्यूडी के इस आग्रह को नहीं माना। इसकी वजह से बस स्टैंड से आईओसी चौक तक के लगभग 3 किलोमीटर के हिस्से की हालत बेहद खराब हो चुकी है। समाचार प्रकाशित होने के बाद हाइवे प्राधिकरण ने इस सड़क की मरम्मत की तैयारी प्रारंभ कर दी है। इसके लिए प्राधिकरण के मेंटीनेंस विंग को मरम्मत के लिए प्रस्ताव भेज दिया है। इसके अलावा प्राधिकरण के प्रोजेक्ट डायरेक्टर की तरफ से सोमवार को इस सड़क का जायजा लिया जाएगा।
बावल रोड की बदहाली को लेकर पीडब्ल्यूडी ने मांगे गए साढ़े 6 करोड़ रुपए
निरीक्षण करने के बाद एक सप्ताह में करा दी जाएगी मरम्मत : पीके कौशिक
बावल रोड का यह हिस्सा अब हमारे पास आ चुका है और इसकी स्थिति को लेकर हम भी पूरी तरह से गंभीर है। मैं एक-दो दिन में अधिकारियों के साथ इसका निरीक्षण करूंगा जिसके बाद हम नए सिरे इसके निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगे। फिलहाल पीडब्ल्यूडी को साढ़े 6 करोड़ रुपए का बजट दे पाना संभव नहीं है, इतना अवश्य है कि पीडब्ल्यूडी चाहे तो इसकी मरम्मत करा सकता है जिसके लिए हम भुगतान को तैयार है। इसके अलावा भी हमने इसकी मरम्मत के लिए मेंटीनेंस विंग को इसका प्रस्ताव दे दिया है और एक सप्ताह के अंदर इसकी मरम्मत हो जाएगी।
-पीके कौशिक, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, एनएच-11।
बारिश में गड्ढ़े बढ़े, डीसी ऑफिस का यही रास्ता, हाईवे का हिस्सा होने का फंसा पेंच
यह सड़क पहले एनएच-71 के निर्माण के दौरान एनएचएआई के पास थी, बाद में पीडब्ल्यूडी के पास आई। अब इस सड़क को रेवाड़ी-जैसलमेर राष्ट्रीय राजमार्ग-11 का हिस्सा मानकर एनएचएआई को हस्तांतरित किया जा चुका है। हाईवे का हिस्सा होने के चलते पीडब्ल्यूडी इस रोड की मरम्मत नहीं कराता। एनएचएआई ने भी इसे अब तक अनदेखा ही किया है। अब बरसात ने यहां की परेशानी सबके सामने ला दी है। शहर के बीच की मुख्य सड़क की यह हालत गले की फांस बन रहा है। सबसे महत्वपूर्ण ये है कि यह जिला सचिवालय और कोर्ट जाने का मुख्य रास्ता है, जहां डीसी ऑफिस सहित तमाम सरकारी दफ्तर हैं।
निरीक्षण के बाद खुद एस्टीमेट बनाएगा प्राधिकरण : प्राधिकरण ने सड़क के नए सिरे से निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी द्वारा दिए गए साढ़े 6 करोड़ रुपए के एस्टीमेट का बजट देने से लगभग इंकार किया जा चुका है। अब प्राधिकरण खुद ही अपने स्तर पर इसके लिए एस्टीमेट बनाने के साथ अधिकारियों की टीम इसका निरीक्षण करेगी। निरीक्षण के बाद सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
रेवाड़ी में जर्जर बावल रोड को दुरुस्त करेगी एनएचएआई।