- Hindi News
- National
- Bhiwani News Haryana News Holi Dahan Was Fired In The Guise Of A Fight Over Prahlada39s Removal During The Mp Elections The Rivalry Aunt And Nephew Were Killed
होली दहन पर प्रह्लाद को निकालने पर हुए झगड़े की आड़ में निकाली एमपी चुनाव के दाैरान हुई रंजिश, चाची-भतीजे को उतारा मौत के घाट
एमपी चुनाव के दौरान बवानीखेड़ा में रमेश व मनबीर के बीच बनी रंजिश हाेली पर खूनी संघर्ष के रूप में सामने आई। गांव में होली दहन पर प्रह्लाद को निकालने को लेकर दोनों पक्षों के युवकों के बीच बने विवाद की आड़ में रमेश ने मनबीर पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी। बीच बचाव के लिए आई उसकी चाची सुरेश देवी को भी हमलावरों ने मौत के घाट उतार दिया। मामले में पुलिस ने बुधवार काे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शेष आरोपियों की तलाश जारी है।
बवानीखेड़ा के वार्ड 13 में होली दहन पर प्रह्लाद को निकालने को लेकर सोमवार देर रात दो पक्षों के युवकों के बीच आपसी कहासुनी हुई थी। प्रह्लाद को निकालने को लेकर प्रीतम का सुरेश व छोटू के साथ विवाद हुआ। मौके पर प्रीतम पक्ष के मनबीर, अजय व अन्य युवक भी थे, जबकि सुरेश पक्ष के मुकेश, रमेश, मोनू आदि युवक थे। दाेनों पक्षों के युवकों के बीच झगड़ा हुआ लेकिन अन्य लोगों ने बीच बचाव कर मामले को शांत करवा दिया था।
जानकारी के अनुसार कुछ समय बाद मनबीर के पिता जगदीश गांव में ही स्थित रमेश के घर पहुंचकर झगड़े की शिकायत की, लेकिन आरोपियों ने जगदीश के साथ मारपीट शुरू कर दी। सूचना मिलने पर जगदीश का पुत्र मनबीर मौके पर पहुंचा और अपने पिता को हमलावर से बचाने का प्रयास किया तो मनबीर पर चाकू से हमला कर दिया। सूचना मिलने पर मनबीर की चाची सुरेश देवी मौके पर पहुंची और हमलावरों ने सुरेश देवी पर तलवार से हमला कर दिया। घायल पक्ष के अन्य लोग भी मौके पहुंच गए, जिससे दोनों पक्षों में मारपीट हुई। गंभीर रूप से घायल मनबीर व सुरेश देवी को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया जहां प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। झगड़े में राजकुमार, संदीप, रवि, प्रीतम व अजय को चोटें आई। जबकि दूसरे पक्ष के सुरेश उर्फ छोटू, रमेश, मुकेश को चोटें आई। घायलों को भिवानी सिविल अस्पताल में लाया गया लेकिन मनबीर व सुरेश देवी की मौत की सूचना मिलने पर हमलावर पक्ष के घायल युवक प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से चले गए। सूचना पर डीएसपी वीरेंद्र सिंह व एसएचओ श्रीभगवान मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। दोनों अधिकारी अस्पताल में भी पहुंचे और घायलों से मामले के बारे में पूछताछ की। बुधवार को पुलिस ने बवानीखेड़ा स्थित रेलवे स्टेशन रोड क्षेत्र से आरोपी सुरेश उर्फ छोटू, रमेश, मुकेश व मोनू को गिरफ्तार कर लिया। चारों आरोपियों ने अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है जबकि शेष आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।
रमेश के खिलाफ पंचायत में गया था मनबीर
सूत्रों के अनुसार चुनाव के समय से ही रमेश व मनबीर के बीच रंजिश बनी हुई थी। एमपी चुनाव प्रचार के दौरान गांव में भाजपा प्रत्याशी बृजेंद्र की चुनावी सभा होनी थी। इसी दौरान मंच से सोनू नामक युवक ने घोषणा की कि भाजपा प्रत्याशी बृजेंद्र सभा में पहुंचने वाले हैं। तभी रमेश ने मंच पर चढ़कर सोनू को थप्पड़ मार दिया। अगले दिन गांव में पंचायत हुई और मनबीर ने सोनू का पक्ष लिया। इस पंचायत में रमेश को माफी मांगकर शर्मिंदा होना पड़ा था। रमेश तभी से मनबीर के साथ रंजिश रखने लगा था। होली दहन पर विवाद हुआ तो रमेश का रंजिश निकालने का मौका मिल गया और उसने इस विवाद की आड़ में मनबीर पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई और बीच-बचाव के लिए आई उसकी चाची सुरेश देवी की भी हमलावरों ने मौत के घाट उतार दिया।
एक बार शांत हो गया था मामला
मृतका सुरेश देवी व मनबीर पक्ष के सदस्य घायल अजय ने पुलिस शिकायत में बताया कि दोनों पक्षों के युवकों के बीच होली दहन पर प्रह्लाद को निकालने को लेकर विवाद था, लेकिन मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने बीच बचाव कर मामले को शांत करवा दिया था। लगभग 15 मिनट बाद अमर सिंह के मकान के पास रमेश व उसके परिवार के अन्य सदस्यों ने उसके ताऊ जगदीश व परिवार के अन्य सदस्यों पर चाकू, लाठी, तलवार आदि से हमला कर दिया। इसमें उसकी चाची 42 वर्षीय सुरेश देवी व ताऊ के लड़के 26 वर्षीय मनबीर की मौत हो गई।
4 लोग गिरफ्तार किए हैं
बुधवार को मामले में शामिल सुरेश उर्फ छोटू, रमेश, मुकेश व मोनू को गिरफ्तार कर लिया है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है।\\\'\\\'
श्रीभगवान, थाना एसएचओ, बवानीखेड़ा
जांच कर रही है पुलिस
होली दहन को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसमें महिला सहित दो की मौत हो गई थी और कुछ व्यक्ति घायल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।\\\'\\\' -वीरेंद्र सिंह, डीएसपी।
प्रह्लाद निकालने पर विवाद
हमलावर पक्ष के रमेश ने बताया कि होली दहन पर प्रह्लाद को निकालने पर विवाद हुआ था। इसके बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की तो झगड़ा बढ़ गया था।
भिवानी. चौ. बंसीलाल नागरिक अस्पताल में बवानीखेड़ा के वार्ड-13 में हुए झगड़े में घायलों से बातचीत करते डीएसपी वीरेंद्र सिंह।