- Hindi News
- National
- Karnal News Haryana News Home Family Society Becomes Prosperous Due To The Affection Of Women
महिलाओं की ममता से घर-परिवार, समाज बनता है खुशहाल
पुरातत्व-संग्रहालय, श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री अनूप धानक ने कहा कि महिलाएं हमारे समाज की धूरी हैं। महिलाओं की ममता और मातृत्व जैसे गुणों के कारण ही घर-परिवार, समाज और राष्ट्र खुशहाल, संस्कारवान और प्रगतिशील बनता है। राज्यमंत्री रविवार को कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के सभागार में जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम में बोल रहे थे।
इस मौके पर लघु फिल्म के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया तथा महिलाओं की सुरक्षा के लिए दुर्गा एप की कार्रवाई के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने समाज के हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दिया है। महिला सशक्तिकरण का अर्थ महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उन्हें स्वावलंबी बनाना और उनमें आत्मविश्वास पैदा करना है। महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए महिला हैल्प लाइन नंबर 181, दुर्गा शक्ति एप व दुर्गा शक्ति वाहिनी शुरू की गई। महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रदेश में 33 महिला पुलिस थाने खोले गए तथा प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा के लिए 188 बसें चलाने का निर्णय लिया गया।
उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने कहा कि महिलाओं का समाज में अहम योगदान है, 8 मार्च को प्रोग्राम आयोजित करने के पीछे एक ही मकसद है कि इस दिन आपस में बैठकर सभी महिलाओं के उत्थान पर चर्चा करें। महिलाओं ने हर क्षेत्र में धाक जमाई है। आज महिलाएं अधिकतर क्षेत्रों में पुरुषों से आगे हैं।
इन्हें किया गया सम्मानित
मुख्य अतिथि राज्यमंत्री अनूप धानक ने शिक्षा के क्षेत्र में अंजलि व सेविका, खेल के क्षेत्र में सुजाता, अनु देवी, सृष्टि, संजू देवी, हिना व महिला एवं बाल विकास विभाग की तरफ से आंगनवाडी वर्कर कामनी, डीडीपीओं की ओर से घरौंडा ब्लाक के गांव मलिकपुर की सरपंच सिमरजीत कौर, पुलिस अधीक्षक की ओर से महिला थाना की एसआई सुनीता, सेल्फ हेल्प ग्रुप से रिंडल की सोनिया व समौरा की सोफिया तथा नगर निगम करनाल में पहली महिला चालक अर्चना व परिचालक सरिता को सम्मानित किया गया।
महिलाओं को सुरक्षा को लेकर किया सचेत
पोषण पखवाड़ा शुरू
कार्यक्रम में पोषण पखवाड़े की शुरुआत की गई, यह पखवाड़ा 8 मार्च से 22 मार्च तक चलेगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वीडियों कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिला स्तरीय कार्यक्रमों में उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई की कि हरियाणा के बच्चों, किशोरों और महिलाओं को अनीमिया व कुपोषण मुक्त स्वस्थ और मजबूत करने में सहयोग करेंगे। इसे जन आंदोलन का रूप देगें, सही पोषण-देश रोशन।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद : पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र भौरिया, एडीसी अनिश यादव, एसडीएम करनाल नरेंद्र पाल मलिक, एसडीएम इंद्री सुमित सिहाग, एसडीएम घरौंडा गौरव कुमार, सीटीएम पूजा भारती, जजपा के जिला अध्यक्ष प्रेम शाहपुर, मीडिया प्रभारी यश करण राणा, पूर्व विधायक रमेश खटक, नफे सिंह आिद मौजूद रहे।
गढ़ी बीरबल. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को दुर्गा एप की जानकारी देते पुलिस अधिकारी।
करनाल. कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में स्वागत गीत गातीं छात्राएं।
करनाल. कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं को शपथ दिलाते राज्य मंत्री अनूप धानक व अन्य। इधर, शपथ लेती महिलाएं।
गढ़ी बीरबल| महिला दिवस के उपलक्ष्य में प्राथमिक पाठशाला खेड़ी मानसिंह में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें सरपंच मनजीत कौर व समाजसेवी तेजेंद्र सिंह तथा इंद्री थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने कार्यक्रम में मुख्य रूप से शिरकत की।
एसएचओ सतपाल सिंह ने कहा कि महिलाएं सुरक्षा को लेकर हमेशा सचेत रहें। पुलिस मदद के लिए सदैव तत्पर है। महिलाओं को देर रात्रि में भी यदि कोई आपात स्थिति में पुलिस की आवश्यकता पड़ेगी तो फोन करते ही तुरंत पुलिस सहायता प्रदान करेगी। इसके अलावा उन्होंने वहां उपस्थित सभी महिलाओं को दुर्गा शक्ति एप व 1091 नंबर के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में सभी ने मिलकर पर्यावरण सुरक्षा एवं अपने आसपास स्वच्छता कायम रखने की शपथ ली।