पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Yamunanagar News Haryana News Hospital Opened In Swami Vivekananda School Building Without Passing Map Both Can Be Sealed

बिना नक्शा पास कराए स्वामी विवेकानंद स्कूल बिल्डिंग में अस्पताल खोला, दाेनों हो सकते हैं सील

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

स्कूल की बिल्डिंग में अस्पताल बना दिया गया। वह भी बिना नक्शा पास कराए। नगर निगम अधिकारियों ने नोटिस देकर अस्पताल बनाने वाले को काम रोकने को कहा तो वह निगम के नोटिस को चुनौती देने के लिए कोर्ट पहुंच गया लेकिन यहां भी उन्हें राहत नहीं मिली। 31 अगस्त 2019 को कोर्ट ने स्कूल से अस्पताल बनाने वाले को राहत नहीं दी। इसके बाद राहत के लिए अपील की गई, हालांकि अस्पताल बनाने वाला चाहता था कि कोर्ट उसकी अपील पर फैसले से पहले स्टे दे दे जिससे नगर निगम के अधिकारी उसके खिलाफ कोई एक्शन न लें। लेकिन यहां पर कोर्ट ने स्टे नहीं दिया और अपील भी डिसमिस कर दी। इससे अब वर्कशॉप रोड पर स्थित स्वामी विवेकानंद मल्टी स्पेशयलिटी अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई के लिए नगर निगम अधिकारियों का रास्ता साफ हो गया है। सेशन जज दीपक अग्रवाल की कोर्ट ने 5 मार्च को अपील डिसमिस की थी। हालांकि अभी तक निगम के अधिकारियों की ओर से अस्पताल के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया गया लेकिन निगम अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही एक्शन लिया जाएगा। अस्पताल की बिल्डिंग को निगम अधिकारी सील कर सकते हैं क्योंकि जब अस्पताल का निर्माण चल रहा था, तब भी निगम की ओर से काम न रोकने पर बिल्डिंग सील करने की चेतावनी का नोटिस दिया गया था। यह अस्पताल करीब 5 साल से चल रहा है। वहीं यहां पर स्वामी विवेकानंद हाई स्कूल कई दशकों से चल रहा है।

बिल्डिंग मालिक की तरफ से कोर्ट में यह कहा गया| स्वामी विवेकानंद एजुकेशन सोसाइटी के प्रधान कमल कांत नगर निगम के नोटिस के खिलाफ कोर्ट में चले गए थे। निगम का नोटिस था कि आप इस तरह से स्कूल की बिल्डिंग को बदल कर अस्पताल नहीं खोल सकते। तब उन्होंने कहा कि वे बिल्डिंग नहीं बदल रहे, सिर्फ वाइट वॉश और माइनर रिपेयरिंग करा रहे हैं। वहीं निगम की ओर से नोटिस देकर कहा गया कि कंस्ट्रक्शन बंद करें, नहीं तो बिल्डिंग सील की जाएगी।

इस नोटिस को लेकर वे कोर्ट में गए और मांग की कि नगर निगम को रोका जाए कि उनके काम में दखल न करे। वहीं सुनवाई के दौरान उन्होंने कहा कि हम निगम की जो भी फीस बनती है, वह देने को तैयार हैं। वहीं कोर्ट ने जब स्कूल का नक्शा पेश करने को कहा तो याचिकाकर्ता वह पेश नहीं कर पाए। वहीं निगम ने भी कहा कि हमारे पास से स्कूल की बिल्डिंग का भी नक्शा पास नहीं है। तब याचिकाकर्ता ने कहा कि हम इस बिल्डिंग का हाउस और प्राॅपर्टी टैक्स देते आ रहे हैं। इसलिए बिल्डिंग लीगल है, लेकिन निगम की ओर से कहा गया कि हाउस टैक्स देने से कोई बिल्डिंग लीगल नहीं मानी जा सकती। इसके बाद याचिकाकर्ता ने अस्पताल का लाइसेंस, फायर ब्रिगेड की एनओसी तक पेश की, लेकिन इससे भी दावा मजबूत नहीं बन पाया। कोर्ट ने कहा कि लाइसेंस लेने और अस्पताल के लिए एनओसी लेने से यह तय नहीं होता कि बिल्डिंग लीगल है। इस तरह से पहले याचिका और फिर सेशन कोर्ट ने अपील डिसमिस हो गई। मामले को लेकर नगर निगम कमिश्नर धर्मवीर सिंह का कहना है कि बिना नक्शा पास प्रॉपर्टी पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस तरह की बिल्डिंग पर नहीं हो पाती कार्रवाई

ऐसा नहीं है कि बिना नक्शा पास हुई बिल्डिंग में स्वामी विवेकानंद अस्पताल या फिर स्वामी विवेकानंद हाई स्कूल थॉपर कॉलोनी में ही चल रहा है। शहर में कई स्कूल, होटल, अस्पताल, शोरूम समेत दुकानें बिना नक्शा पास हुए बनी हुई हैं। वहीं बहुत से मकान तक शहर में बिना नक्शा पास हुए बनाए गए, लेकिन नगर निगम के अधिकारी उन पर कार्रवाई ही नहीं करते। गोबिंदपुरी रोड पर भी कई बिल्डिंग बिना नक्शा पास हुए बनी हुई हैं। पिछले दिनों नगर निगम की ओर से कुछ बिल्डिंग मालिकों को नोटिस भी दिया गया था, लेकिन इसके बाद कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी।

नक्शा पास कराने पर देनी होती है फीस, पार्किंग एरिया से लेकर अन्य नियम भी : निगम एरिया में रिहायशी भवन बनाने के लिए 120 रुपए प्रति स्कवेयर मीटर और कॉमर्शियल के लिए 1000 रुपए प्रति स्कवेयर मीटर के हिसाब से फीस अदा करनी होती है। इससे निगम को मोटी आमदनी होती है। वहीं बिल्डिंग मालिक को कई नियम पूरे करने पड़ते हैं। जैसे पार्किंग एरिया छोड़ना पड़ता और हरियाली के लिए भी कुछ एरिया तय करना होता है। वहीं प्राॅपर्टी टैक्स भी उसी हिसाब से तय होता है। इन नियमों से बचने के लिए ही लोग नक्शा पास कराने से पीछे हटते हैं। हर साल नगर निगम से सिर्फ 500 से 600 नक्शे पास होते हैं, जबकि निर्माण कार्य हजारों में होते हैं।

{कोर्ट में खुलासा हुआ न स्कूल की बिल्डिंग का नक्शा पास था और न ही अस्पताल का कराया


स्वामी विवेकानंद मल्टी स्पेशयलिटी अस्पताल की बिल्डिंग।
खबरें और भी हैं...