- Hindi News
- National
- Bhiwani News Haryana News House Fire Ashes Including Wardrobe Window Clothes And Beds
मकान में लगी आग; अलमारी, खिड़की कपड़ों और बेड समेत सारा सामान राख
पुराना हाउसिंग बोर्ड स्थित एक मकान के कमरे में लगी आग को बुझाते दमकल कर्मी।
भिवानी | पुराना हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र स्थित एक मकान में बीती रात आग लगने पर अलमारी, कपड़े, बेड व अन्य सामान जलकर राख हाे गया। जले हुए सामान की कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
पुराना हाउसिंग बोर्ड निवासी कृष्णा अपने मकान के प्रथम तल पर रहती है, जबकि बेसमेंट में एक कमरे में कृष्णा का घरेलू सामान रखा हुआ था और कमरा बंद था। अन्य कमरे किराये पर दिए हुए थे। रात लगभग साढ़े 10 बजे बेसमेंट में स्थित बंद कमरे में आग लग गई। किरायेदार विनोद ने कमरे से धुआं निकलता देखा तो कृष्णा को इसकी सूचना दी। जब तक कृष्णा प्रथम तल से नीचे आती तब तक पूरे कमरे में आग फैल चुकी थी। धुएं के कारण कमरे पर लगा ताला भी नहीं खोल सकी। आग की सूचना दमकल विभाग को दी। 10 मिनट के अंतराल में फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची। दमकल कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर कमरे का ताला खोला और लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक कमरे में रखा बेड, अलमारी, खिड़कियां, दरवाजा, दो एलईडी, इन्वेटर-बैटरी आदि जल कर नष्ट हो गई थी। साथ लगते कमरे तक भी आग की लपटे पहुंच गई थी। मकान मालकिन कृष्णा ने बताया कि उसके बेटे बाहर रहते हैं। बेसमेंट में बनाए गए कमरे में आग लग गई। आग से लगभग पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सामान के साथ खिड़की, दरवाजे भी जल गए और छत व दीवारों को भी नुकसान हुआ है। कृष्णा देवी ने बताया कि उसे आशंका है कि कमरे में आग इन्वर्टर-बैटरी या फिर एलईडी में बिजली शार्ट-सर्किट से आग लगी है, क्योंकि कमरे में बिजली फिटिंग पूरी तरह से जली हुई थी।