- Hindi News
- National
- Bahadurgarh News Haryana News Hsiidc To Arrange Lights On Kmp Made An Estimate Of 46 Lakhs
केएमपी पर एचएसअाईअाईडीसी करेगा लाइटों की व्यवस्था, ~46 लाख का एस्टीमेट बनाया
केएमपी एक्सप्रेस-वे पर अंधेरे से मुक्ति भरा सफर दिलाने के लिए निर्माण कंपनी की ओर से हाथ खड़ा कर देने पर अब सरकार ने इसकी जिम्मेदारी हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत संरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) को सौंपी है। एचएसअाईअाईडीसी ने बिजली कनेक्शन के लिए बिजली निगम को अावेदन कर दिया है। अावेदन करने के बाद बिजली निगम ने 46 लाख रुपए का एस्टीमेट तैयार करके दिया है। जिसे अब एचएसअाईअाईडीसी नहीं दे पाई तो केएमपी पर लगे दो साल पुराने खंबों को ही ठीक करके उस पर लगी तार को ही इस्तेमाल करने का फैसला लिया है। इस तरह से एचएसअाईअाईडीसी ने 46 लाख रुपए का खर्च बचाया है। बिजली निगम को नए खंभे व तार बिछाने का काम भी नहीं करना पड़ा। अब बिजली निगम केवल डेढ़ फीसदी सर्विस टैक्स ही वसूलेगा। इस फैसले के बाद केएमपी पर लाइट की सप्लाई जल्द से जल्द होने की संभावना बढ़ गई है। कुडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे को राेशनी से जगमग करने के लिए शुरू किया प्रोजेक्ट कनेक्शन नहीं होने के कारण सफेद हाथी बना था। बिजली निगम के एसई संदीप जैन ने बताया कि 400 किलोवाट के लिए नया कनेक्शन देने पर सहमति दे दी है। जल्द ही कनेक्शन देंगे। निर्माण कंपनी की ओर से लगाए गए खंभों पर ही तार बिछाने का फैसला लिया है। इससे केएमपी पर राेशनी की व्यवस्था की उम्मीद बढ़ गई है।
बिजली निगम के एसई ने कहा- 400 किलोवाट के लिए नया कनेक्शन देने पर सहमति दे दी
केएमपी पर 83 किमी में कहीं नहीं जलती लाइट : केएमपी एक्सप्रेस-वे पर अंधेरा होने के कारण लगातार सड़क हादसे बढ़ रहे हैं। केएमपी एक्सप्रेस-वे खेतों से होकर गुजरता है। ऐसे में कई बार तेज गति से जाने वाले वाहनों के आगे नीलगाय और दूसरे पशु आ जाते हैं। कई बार इनके कारण हादसे भी हो जाते हैं। 83 किलोमीटर के हिस्से में कहीं भी लाइट नहीं जलती। सर्दी में धुंध भी अधिक हो रही है। एचएसआइआइडीसी के सीनियर मैनेजर सुरेंद्र देशवाल ने कहा कि इस बारे में उच्च स्तर पर काम चल रहा है। जल्द ही कनेक्शन कर सोलर प्लांट शुरू कर दिया जाएगा। देसवाल ने कहा कि यह जिम्मेदारी अब एचएसअाीअाईडीसी के पास है। उम्मीद है जल्द ही बिजली का कनेक्शन शुरू हो जाएगा व केएमपी रोशन होगा।
सोलर प्लांट तैयार, पहला 7 किलोमीटर कुंडली टोल प्लाजा पर लगाया केएमपी एक्सप्रेस-वे पर राेशनी के लिए एचएसआईआईडीसी ने 12 करोड़ रुपए खर्च कर सोलर प्लांट तैयार किया है, लेकिन इसका कनेक्शन नहीं हो पाने के कारण यह जंग खा रहा है। इसके माध्यम से सोलर पावर से बिजली बनाने की भी योजना है। इससे पहले बिजली निगम से बिजली लेकर केएमपी एक्सप्रेस-वे की लाइटों को जलाया जाना है। एचएसआईआईडीसी ने केएमपी पर चार जगह सोलर प्लांट तैयार कर लिए हैं, लेकिन अभी तक इसका कनेक्शन नहीं किया। अब जल्द ही पूरी सड़क पर लाइट लगेंगी। इसके बाद ही सोलर प्लांट कार्य कर सकेगा। केएमपी एक्सप्रेस-वे पर चार टोल प्लाजा पर यह प्लांट लगाए गए हैं। सोलर प्लांट बनाकर तैयार किए जा चुके हैं। पहला प्लांट 7 किलोमीटर कुंडली टोल प्लाजा पर लगाया गया है। इसके बाद खरखौदा, झज्जर के बादली और गुरुग्राम में पटौदी रोड टोल प्लाजा पर सोलर प्लांट हैं। कनेक्शन होने के बाद हर चार किलोमीटर पर एक नियंत्रक लगाया जाएगा।
एक माह में मार्ग रोशन होने की उम्मीद : केएमपी के उद्घाटन बाद से वाहन चालक अंधेरे में ही खतरे का सफर कर रहे हैं। उम्मीद है कि एक माह के अंदर ही केएमपी पर सभी लाइटें शुरू हो जाएगी। कनेक्शन नहीं होने के कारण कई बार प्राइवेट जनरेटरों से भी मार्ग को राेशन करने का प्रयास किया, लेकिन कभी जनरेटर चोरी हो गए तो कभी कंपनी ने जनरेटर कंपनी की पेमेंट नहीं दी। वैसे केएमपी बनाने वाली कंपनी ने आठ माह पहले भी बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया था, लेकिन बिजली निगम ने एस्टीमेट जारी किया, लेकिन कंपनी ने रुपए जमा नहीं कराए। इस कारण सरकार ने इस योजना को अपने हाथों में लिया है। केएमपी पर कनेक्शन को लेकर निर्माण कंपनी ने खुद ही बिजली के खंभे भी लगाए हुए हैं। अब कनेक्शन लिया जा रहा तो अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि जल्द ही केएमपी राेशन होगा।
केएमपी जहां पर एचएसअाईअाईडीसी करेगी बिजली की व्यवस्था।