पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Kaithal News Haryana News If You Get Drunk Driving The Vehicle Will Be Impounded The License Will Be Suspended You May Have To Spend The Night In The Police Station

नशे में ड्राइविंग करते मिले तो गाड़ी इंपाउंड, लाइसेंस होगा सस्पेंड, थाने में भी गुजारनी पड़ सकती है रात

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

रंगों का त्याेहार होली-फाग आज धूमधाम से मनाया जाएगा। शहरों में रंग गुलाल उड़ेगा तो गांवों में पानी व कोरड़े से फाग पर्व मनाया जाएगा। इसी दिन कुछ लोग शराब व अन्य नशा करके उपद्रव भी फैलाते हैं जिनके खिलाफ कार्रवाई के लिए जिला पुलिस विशेष नाके लगाकर चेकिंग करेगी। नशे में वाहन चलाने वालों व बुलेट बाइक से पटाखे बजाने वाले पुलिस की राडार पर रहेंगे। बुलेट से पटाखे बजाते मिले तो बाइक इंपाउंड करके हजारों रुपए का चालान हाथ में थमा दिया जाएगा, वहीं दूसरी तरफ नशेड़ी चालकों की गाड़ी इंपाउंड होने के अलावा लाइसेंस भी सस्पेंड होगा। चालक चलने की भी स्थिति में नहीं है तो रात थाना में ही गुजारनी पड़ेगी। फाग पर्व पर हुड़दंगबाजी रोकने व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसपी शशांक कुमार ने जिला पुलिस को विशेष निर्देश दिए हैं।

एसपी ने कहा कि पावन अवसर के दिन मोडिफाइड साइलैंसर वाली बुलेट बाइक द्वारा पटाखे की आवाजें निकालकर क्षेत्र में दहशत पैदा करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाने के आदेश दिए हैं। होली-फाग के उत्सव के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस द्वारा पहले से ही पूरी तैयारी कर ली गई है। सभी पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों व चौकी इंचार्जों को त्याेहार के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। यातायात पुलिस को निर्देश दिए हैं कि शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसने के लिए एल्कोसेंसर का भी इस्तेमाल करें। इसके अलावा फाग समारोह के दौरान हिंसा की संभावित घटनाओं पर भी पुलिस नजर रखेगी। ड्रंकन एंड ड्राइव की जांच के लिए 24 घंटे विशेष नाके लगाए जाए। असामाजिक तत्वों से निपटने के लिए सादी वर्दी में पुलिस कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं व मुख्य चौराहे पर विशेष पुलिस दस्ते तैनात रहेंगे। सभी पीसीआर राइडर्स को निर्देश दिए गए हैं कि पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से जहां भी अव्यवस्था की सूचना मिले तुरंत मौके पर जाकर स्थिति से निपटें। इसके अतिरिक्त रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मॉल व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर गश्त के लिए विशष पुलिस कर्मियों को लगाया गया है ताकि आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

एसपी ने कहा कि होली-फाग रंगों का अनूठा भारतीय त्याेहार है, जो एकता और भाईचारे के बंधन को मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है। होली-फाग का त्याेहार लोगों के जीवन में रंग भरने के साथ-साथ सभी को समाज में सद्भाव से रहने के लिए प्रेरित करता है। जाति और पंथ के निम्न विचारों से ऊपर उठकर एकता व भाईचारे की भावना के साथ इस पर्व को मनाएं। उन्होंने कहा कि त्याेहार की आड़ में उपद्रव जैसी घटनाओं को अंजाम देने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के साथ पुलिस कोई रियायत नहीं बरतेगी। इस त्याेहार पर बड़ी संख्या में शराब पीकर गाड़ी चलाने के कारण दुर्घटना के मामले सामने आते रहे हैं जिससे आनंद और खुशी का यह दिन कई परिवारों के लिए त्रासदी में तब्दील हो जाता है इसलिए त्याेहार के दिन नशा न करके रंगों से त्याेहार मनाएं।

पटाखे बजाने वाले 9 चालकों के किए चालान

ट्रैफिक पुलिस की ओर से सोमवार को भी बुलेट बाइक से पटाखे बजाने वाले 9 चालकों के चालान किए गए। पुलिस ने तीन बुलेट इंपाउंड कर ली, जबकि छह बुलेट के चालान करके मौके पर ही मॉडिफाइड साइलैंसर बदलवाए गए। इंपाउंड हुई बुलेट बाइकों में एक बुलेट का 33500 रुपए, दूसरी का 29 हजार रुपए व तीसरी का 24 हजार रुपए का चालान किया गया।

एसपी के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस विशेष नाके लगाकर वाहनों की चेकिंग करेगी। एल्कोसेंसर से वाहन चालक के शराब सेवन का पता लगाया जाएगा। चालक ने शराब पी हुई है तो वाहन इंपाउंड करके लाइसेंस सस्पेंड कर देंगे, ड्रंकन एंड ड्राइव का चालान कोर्ट में भरना होगा। चालक नशे में बेसुध होने की स्थिति में है तो उसे थाने में रात गुजारनी होगी।
मुखत्यार सिंह, एसएचओ ट्रैफिक।
खबरें और भी हैं...