- Hindi News
- National
- Yamunanagar News Haryana News In Bhatia Nagar Two Youths Were Shot In The House Of Liquor Contractor Pistol And Firing From Muscat
भाटिया नगर में शराब ठेकेदार के घर हमला, पिस्टल व मस्कट से फायरिंग में दो युवकों को लगी गोली
होली पर रंगों की खुशियों के बीच कई स्थानों पर हुड़दंग ने त्योहार का मजा किरकिरा कर दिया। यमुनानगर में अलग-अलग स्थानों पर लड़ाई-झगड़ों के मामलों में 12 घायल ट्रामा सेंटर में भर्ती हुए। इनमें संबंधित थानों की पुलिस जांच में लगी है। बड़ा मामला ईस्ट भाटिया नगर में हुआ, जहां दिनदहाड़े रंजिश में शराब ठेकेदार के घर चुन्नाभट्टी, विश्वकर्मा मोहल्ला व मॉडल कॉलोनी से हथियारों से लैस होकर आए लोगों ने हमला बोल दिया। यहां पिस्टल व मस्कट से फायरिंग में दो लोग गोली लगने व डंडे-रॉड की पिटाई से गंभीर घायल हुए हैं। तीसरा भी निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है। हालांकि थाना शहर पुलिस ने मंगलवार को नौ लोगों को नामजद कर 10-15 अन्य पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। बुधवार को पीड़ित पक्ष ने एसपी से शिकायत कर आरोपियों से खुद को खतरा बताते हुए उनकी गिरफ्तारी की
मांग की।
पुलिस को दी शिकायत में ईस्ट भाटिया नगर के मनोज उर्फ शंटी ने बताया कि वह जागधौली के संजू के साथ शराब ठेकेदारी करता है। होली के दिन वह और उसके दोस्त गांव सुढैल में सचिन के घर होली खेलने गए। फॉर्च्यूनर व पोलो गाड़ियों में उसके साथ उन्हेड़ी का सचिन, इंद्रा कॉलोनी का अनिल, गांधीनगर का पीयूष था। सचिन के घर होली खेल दोनों कारों में लौट तीर्थनगर के लव को घर छोड़ने गए थे। जहां वापसी में सिटी सेंटर के बाहर चूना भट्टी निवासी रमन, जानू, प्रिंस, विश्वकर्मा मोहल्ला के विशाल, बॉबी, मन्नी शर्मा, आकाश श्रीवास्तव, अमित, सन्नी व संदीप अपने 10-15 अन्य साथियों के साथ खड़े थे। इनमें से जानू ने उन्हें देख गाली गलाैज की। जिसे सुन वह लोग कार से बाहर निकलकर खड़े हुए, तब उनकी कोई कहासुनी नहीं हुई। लेकिन जब वे दोबारा कारों में सवार होकर चलने लगे, तभी जानू, बॉबी व उनके अन्य साथियों ने कार में पीछे से ईंटें मारी। इससे कार का पिछला शीशा व दाई तरफ की पिछली लाइट टूट गई। यहां से किसी तरह भाग जगाधरी अनाज मंडी पहुंचे। जहां कुछ देर बाद घर से मां राजेश देवी का फोन आया कि घर पर 10-15 लोग हाथों में रॉड व डंडे लेकर हमला कर रहे हैं। जिनसे बचने के लिए अंदर से मेन गेट बंद कर रखा है।
}तीन साल पुरानी रंजिश
शिकायतकर्ता मनोज ने बताया कि उसके परिवार व दोस्तों पर यह हमला पुरानी रंजिश में किया गया। अभी उसका शराब ठेका मेहलावाली में है। 2017 में न्यू मार्केट पर शराब ठेका था। उस दौरान आरोपियों के शराब तस्करी करने से कारोबार को नुकसान पर विवाद हुआ था। तभी से आरोपी रंजिश रखने लगे थे। हमले में नंदा कॉलोनी के 40 वर्षीय जसबीर उर्फ मोनू व गांधीनगर के 32 वर्षीय पीयूष गोली लगने से घायल हुए। उनके साथ डंडे व रॉड से घायल सुढैल का सचिन भी निजी अस्पताल के आइसीयू में भर्ती है। जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक बताई है। घायलों में सचिन भी शराब ठेकेदारी करता है, जिसका भंभोली में ठेका है।
मनोज की शिकायत पर चूना भट्टी निवासी रमन, जानू, प्रिंस व विश्वकर्मा मोहल्ला के विशाल, बॉबी, मनी, आकाश, अमित और सन्नी व संदीप को नामजद कर 10-15 अन्य के खिलाफ आईपीसी की धारा- 148, 149, 323, 307, 427, 506, 120बी, आर्म्स एक्ट- 25-54-59 के तहत केस दर्ज कर मनी को हिरासत में लिया है। फिलहाल दूसरे पक्ष से कोई शिकायत नहीं मिली है।
सुभाष चंद्र, डीएसपी हेडक्वर्टर यमुनानगर।
}पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हमलावर
मनोज ने बताया कि मां के फोन पर वह और दोस्त पियूष, जसबीर उर्फ मोनू, सचिन, सुमित व अनिल गाड़ियों से घर पहुंचे, जहां देखा कि बॉबी, रमन के हाथ में पिस्टल थे। विशाल के हाथ में मस्कट थी। जानू के हाथ में रॉड, राजू, संदीप के हाथों में डंडे थे। इनके अन्य साथियों के हाथों में भी लोहे की रॉड व डंडे थे। बॉबी ने पिस्टल से उसे देखते ही फायर किया, लेकिन गोली उसे न लगकर गाड़ी में साथ बैठे उसके दोस्त जसबीर उर्फ मोनू को बाई बाजू व कंधे में लगी। विशाल ने भी मस्कट से उस पर फायर किया, जिससे वह बच गया। जब वह गाड़ियों से नीचे उतर भागने लगे तो रमन ने पिस्टल से पियूष पर फायर किया, गाेली पियूष की कमर में लगी। आरोपियों ने उसके दोस्त सुढैल निवासी सचिन को नीचे गिरा लिया और डंडे व रॉड से उसे मारने लगे। आरोप है कि इस दौरान रमन के पिता राजेंद्र वाल्मीकि ने भी मौके पर आकर कहा कि इन्हें मजा चखा दो। शोर मचाने पर लोग जुटने लगे तो आरोपी भाग गए। मनोज ने बताया कि भागते हुए जानू ने उनके पिता जसवंत सिंह के मुंह पर ईंट मारी। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर गए है। हमले की पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड फुटेज के अलावा किसी के मोबाइल से बना वीडियो भी सामने आया।
भाटिया नगर में दिख रहे हमलावर।
घर में टूटी खिड़कियां