- Hindi News
- National
- Kurukshetra News Haryana News In Old Age The Child Molested And The Old Lady Gave The House To Charity
बुढ़ापे में संतान ने दुत्कारा तो वृद्धा ने दान में दे दिया घर
हर माता-पिता का सपना होता है कि उनकी संतान बुढ़ापे में सहारा बनेगी। इसी उम्मीद में वे अपनी संतान की पूरी शिद्दत से परवरिश करते हैं। मगर कई बार संतान बुढ़ापे में सहारे की लाठी बनने की बजाय उन्हें दुत्कार भी देती है। जी हां, ऐसा ही कुछ हुआ है हरगोबिंद नगर में रहने वाली रक्षा देवी के साथ। संतान की दुत्कार के बाद रक्षा देवी ने ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी आज के युग कल्पना भी नहीं की जा सकती है। रक्षा देवी ने बुढ़ापे में अपनी संतान के सामने गिड़गिड़ाने की बजाय खुद को सशक्त करते हुए अपना दोमंजिला आवास श्री गुरुधाम संस्कृत वेद विद्यापीठम अनुसंधान व ट्रस्ट को दान में दे दिया। अब वृद्धा की बुढ़ापे देखभाल की चिंता खत्म हो गई है।
हरगोबिंद नगर निवासी रक्षा देवी का बुढ़ापे में पति हरिराम का सहारा छूट गया। सहारा छूटने के बाद उसे अपनी संतान से उम्मीद थी कि वह बुढ़ापे में उसकी देखभाल करेगी। मगर उसकी उम्मीद तब टूट गई जब उसकी संतान ने उसकी अनदेखी करते हुए दुत्कार दिया। रक्षा देवी के दो बेटे और दो बेटियां हैं, लेकिन किसी ने भी अपनी माता की सुध नहीं ली। संतान की अनदेखी के बाद रक्षा देवी ने अपने दोमंजिला मकान को दान में देने का फैसला लिया, ताकि उसकी बुढ़ापे में देखभाल की परेशानी समाप्त हो सके। लिहाजा उसने श्री गुरुधाम संस्कृत वेद विद्यापीठम अनुसंधान व ट्रस्ट से संपर्क किया। ट्रस्ट के वेदपाठियों के लिए उसने 137 गज जमीन को दान में दे दिया।