- Hindi News
- National
- Bhiwani News Haryana News In The Men39s Section Sanjeev Topped The 100 Meter Race And Pooja Winner In The Women39s Race Virendra Of Tosham Topped The 1500 Meter Race
पुरुष वर्ग में 100 मीटर दौड़ में संजीव तो महिला में पूजा विनर, 1500 मीटर दौड़ में तोशाम के विरेंद्र रहे अव्वल
खेलों से तन व मन के स्वस्थ होने के साथ-साथ आपसी प्रेम व भाईचारे की भावना को बढ़ावा मिलता है। यह बात चौ. बंसी लाल विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. जितेंद्र भारद्वाज ने वार्षिक एथलेटिक मीट 2019-20 के समापन अवसर पर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि चौ. बंसी लाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.आरके मित्तल की अगुवाई में खिलाड़ियों को विश्वविद्यालय खेल परिषद के सौजन्य से विशेष प्रोत्साहन एवं प्रशिक्षण दिया जा रहा है। हमारे विश्वविद्यालय की प्राथमिकता विशेष प्रशिक्षण देकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करना है।
उन्होंने कहा कि खेलों को पाठ्यक्रम में शुरू करना चाहिए ताकि विद्यार्थियों में खेलों के प्रति जिज्ञासा बढ़ाई जा सके। उन्होंने कहा कि भिवानी मिनी क्यूबा के नाम से प्रसिद्ध है और यहां के खिलाड़ियों ने प्राचीन समय से ही देश का नाम विश्व स्तर पर रोशन किया है। भविष्य में यह विश्वविद्यालय खेलों के क्षेत्र में देश के प्रमुख विश्वविद्यालयों में गिना जाएगा। विश्वविद्यालय के डीन विद्यार्थी कल्याण डॉ. सुरेश मलिक, विश्वविद्यालय खेल परिषद के अध्यक्ष सुरेश अत्री ने कुलसचिव डॉ. जितेन्द्र भारद्वाज का स्वागत किया। मंच संचालन डॉ.गीता ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के खेल सलाहकार दर्शन कुमार मिड्ढा, डॉ. माया यादव, डॉ. मितेश, डॉ. वजीर, मुल्तान सिंह, सूबेसिंह कोच, डॉ.पवन, डॉ. विरेन्द्र, डॉ. मीनू, डॉ.मंजीत व सुनील भारद्वाज सहित खिलाड़ी उपस्थित थे।
ये रहे फाइनल परिणाम
पुरूष वर्ग 100 मीटर दौड़ में महाराजा नीम पाल सिंह कॉलेज के संजीव ने प्रथम, चौ. बंसी लाल विश्वविद्यालय के नू पेश ने द्वितीय, बीएलजेएस कॉलेज तोशाम के रवि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग 100 मीटर दौड़ में महिला महाविद्यालय झोझू कलां की पूजा प्रथम, राजकीय महिला महाविद्यालय बवानीखेड़ा की मंजू द्वितीय, आदर्श महिला महाविद्यालय की सीमा तृतीय स्थान पर रही।
400 मीटर पुरूष वर्ग में सीबीएलयू के नूपेश ने प्रथम, महाराजा नीम पाल सिंह कॉलेज के संजू ने द्वितीय, जनता कॉलेज दादरी के रितुराज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर महिला दौड़ में एमएम कॉलेज झोझू कलां की पूजा ने प्रथम, सीबीजी कॉलेज लोहारू की प्रोमिला ने द्वितीय, चौ. बंसी लाल महिला कॉलेज तोशाम की मोनिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 1500 मीटर दौड़ पुरूष वर्ग में बीएलजेएस कॉलेज तोशाम के विरेन्द्र ने प्रथम, जनता कॉलेज दादरी के रितुराज ने द्वितीय, सीबीजी कॉलेज लोहारू के दीपक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
1500 मीटर दौड़ महिला वर्ग में सीबीजी कॉलेज लोहारू की प्रोमिला ने प्रथम, एमएम कॉलेज झोझू कलां की शारदा ने द्वितीय, सिवानी कॉलेज की रविना ने तृतीय स्थान पर जीत दर्ज की।