- Hindi News
- National
- Karnal News Haryana News Italy Did Not Go Away Due To Fear Of Corona Four People Killed In Village
कोरोना के डर से नहीं गया इटली, रंजिश में गांव के चार लोगों ने ले ली जान
जिले के रमाणा-रमाणी गांव में आपसी रंजिश के चलते गांव के ही चार लोगों ने साढ़े 19 वर्षीय युवक अस्पी पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर अधमरा किया। बेटे के साथ मौजूद मां उसे बचाने के लिए चिल्लाती रही, लेकिन मां के सामने ही हमलावरों ने युवक को बुरी तरह से पीट डाला। इलाज के दाैरान अमृतधारा अस्पताल में युवक अस्पी ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक युवक के पिता की शिकायत पर गांव के ही चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। बड़ी बहन के पास इटली जाने वाला था, लेकिन कोरोना वायरस के चलते विदेश जाना अभी टाल दिया था। पोस्टमार्टम के बाद शव का गांव रमाणा रमाणी में अंतिम संस्कार कर दिया गया। तनाव के माहौल के मद्देनजर तरावड़ी पुलिस भी इस दौरान गांव में तैनात रही। युवक के पिता लखविंदर सिंह, दादा कुलवंत सिंह ने गांव के ही चार लोगों पर हत्या का मामला दर्ज कराया है।
बहन के पास इटली जाने की तैयारी में था
अस्पी अपनी बड़ी बहन गगनदीप कौर के पास इटली में जाने की तैयारी में था। वीजा भी लग चुका था। विदेश गमन की कार्रवाई चल रही थी कि कोरोना वायरस के चलते कार्रवाई बीच में ही रुक गई। पोस्टमार्टम हाउस के सामने बेटे की मौत पर बिलखते हुए पिता बोल रहे थे कि अस्पी तू मुझे किसके सहारे छोड़ गया। तू ही मेरे घर का इकलौता चिराग था। उसने पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर न्याय की गुहार लगाई।
एक साल पहले हुआ था आरोपियों से विवाद
पुलिस के अनुसार साल पहले युवक के साथ हत्यारोपी पक्ष का किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, जिसको लेकर गांव में पंचायत भी हुई थी। तब गांव में आपस में राजीनामा हो गया था। परिजनों का आरोप है कि तभी से हत्यारोपी रंजिश रखे थे।
मृतक अस्पी।