- Hindi News
- National
- Kurukshetra News Haryana News Kaul Resident Ramkishan Sagwal Celebrated 100th Birthday With Five Generations
कौल निवासी रामकिशन सागवाल ने पांच पीढ़ियों के साथ मनाया 100वां बर्थडे
183 सदस्यों के परिवार के मुखिया गांव कौल वासी रामकिशन सागवाल ने अपनी पांच पीढिय़ों के साथ रविवार को 100वां बर्थडे मनाया। रामकिशन आठ मार्च 1920 को पैदा हुए थे। रामकिशन के बेटे मक्खन सिंह पूंडरी विधानसभा से विधायक भी रह चुके हैं। कुरुक्षेत्र-पिपली रोड स्थित निजी पैलेस में हुए समारोह में रामकिशन सागवाल ने कहा कि शुरू से ही सादा खाना और सादा जीवन जीते रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने खुद को हमेशा नशों से दूर रखा। रामकिशन सागवाल के पौत्र रणदीप कौल ने बताया कि उनके दादाजी का जीवन उनके सभी परिजनों के लिए मिसाल है। कैथल जिला के जननायक जनता पार्टी के प्रधान रणदीप कौल ने बताया कि उनके पिता और रामकिशन के पुत्र मक्खन सिंह 1987 में पूंडरी से विधायक बने थे। रामकिशन खुद भी कौल गांव के सरपंच रह चुके हैं। उनके दो और बेटे गांव कौल और बाकीपुर के सरपंच रहे। रणदीप ने बताया कि कुछ साल पहले से ही दादाजी का 100वां बर्थडे मनाने की योजना बनाई थी।
मंच पर एक साथ पांच पीढ़ी : रामकिशन का बेटा मक्खन सिंह व पोती सुमन, सुमन की बेटी साविका और साविका का बेटा अविराज और बेटी यान्वी इस तरह पांच पीढ़ी मंच पर एक साथ दिखी। ऑस्ट्रेलिया में गई पड़पोती नंदिनी ने भी अपने परदादा रामकिशन को वीडियो कॉल करके जन्मदिन की बधाई दी। रामकिशन ने कहा कि उन्हें खुशी है कि उनका पूरा परिवार अपने बुजुर्ग को पूरा मान-सम्मान देता है। उनके परिवार का यही लगाव और प्यार उन्हें खुश और स्वस्थ रखता है।
कुरुक्षेत्र | 100 वर्षीय रामकिशन सागवाल अपनी 5 पीढ़ियों के साथ।