- Hindi News
- National
- Bhiwani News Haryana News Kisan Sabha Raised Slogans In Front Of Dc Office Demanding Compensation For Crops Damaged By Hailstorm
ओलावृष्टि से बर्बाद फसलों के मुआवजे की मांग पर किसान सभा ने डीसी ऑफिस के सामने नारेबाजी की
ओलावृष्टि, अंधड़ व जलभराव से बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा देने व अन्य मांगों को लेकर अखिल भारतीय किसान सभा ने डीसी कार्यालय के बाहर धरना दिया आैर नारेबाजी की। बाद में तहसीलदार को मांग पत्र सौंपा। धरने की अध्यक्षता किसान नेता छाजूराम मित्ताथल ने की तथा संचालन सज्जन कुमार सिंगला ने किया। धरने को संबाेधित करते हुए संगठन के जिला प्रधान करतार ग्रेवाल ने कहा कि जिले के अनेक गांव में ओलावृष्टि व जलभराव से किसानों की गेहूं, सरसों आदि की 80 प्रतिशत तक फसल बर्बाद हो गई है, लेकिन सरकार ने केवल 11 गांवों को ही चिंहित किया है। उन्होंने कहा कि जिन गांवों में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हुआ है उन सभी गांवों में गिरदावरी करवाकर किसानों को जल्द मुआवजा राशि वितरित की जाए। अन्यथा किसान आंदोलन को तेज करने को मजबूर होंगे। ग्रेवाल ने बताया कि 15 मार्च को संगठन की जिला कार्यकारिणी की बैठक भगत सिंह स्मारक पर होगी, जिसमें आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। तहसीलदार ने किसानों का आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को उच्चाधिकारियों तक पहुंचा दिया जाएगा। धरने में रामफल देशवाल, कृष्ण फौजी, वजीर सिंह मेहर सिंह धनाना, बिमला घनघस, संतोष देशवाल, बलवान सिंह, ओमप्रकाश सैनी, जय प्रकाश परमार, जोगिंद्र सिंह, शरबती, कामरेड ओमप्रकाश, कृष्ण कुमार, दिनेश कुमार आदि मौजूद थे।
फसलों में नुकसान को लेकर किसानों ने प्रदर्शन कर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
लोहारू। लोहारू के अनेक गांवों में ओलावृष्टि, बारिश व तेज हवाओं के कारण लगभग सभी गांवों में किसानों की गेहूं, जौ, चने ओर सरसों की फसलों में नुकसान हुआ है। लेकिन सरकार ने सिर्फ नौ गांवों में नुकसान की रिपोर्ट दी है, जो किसानों के साथ छलावा है। बीमा कंपनियों को नुकसान की भरपाई करनी है तो डैमेज के अनुसार इनकी रिपोर्ट बनाकर मुआवजा देना चाहिए। प्रदेश सरकार को इस घड़ी में बीमा कंपनियों के साथ नहीं बल्कि किसान के साथ खड़ा होना चाहिए। यदि 15 दिन में बीमा कंपनियों ओर सरकार ने स्थिति स्पष्ट नहीं की तो वे सड़कों पर आने को मजबूर होंगे। यह बात किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष मेवासिंह आर्य, खंड प्रधान धर्मपाल बारवास, आजादसिंह भूंगला, सुबेदार इन्द्राजसिंह दमकोरा, किसान मजदूर शोषण मुक्ति मोर्चा के प्रधान रामसिंह शेखावत, उपाध्यक्ष पृथ्वीसिंह गोठड़ा, रोहताश झुप्पा, रामसिंह श्योराण, रामकरण, नरेन्द्र फरटिया, रविन्द्र कस्वां, सुमेरसिंह गोठड़ा व महेन्द्र सिंह ने धरने को संबोधित करते हुए कही। एसडीएम जगदीश चंद्र को सरकार के नाम दिए गए ज्ञापन में बताया गया है कि बिजली के नए कनेक्सनों के लिए लाखों रुपये जमा करवाए हुए हैं परन्तु उनको कनेक्सन आज तक जारी नहीं किए गए हैं।
नुकसान का सही तरीके से हो आंकलन : एसडीएम
लोहारू। एसडीएम जगदीशचन्द्र ने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की समस्या आड़े ना आने दी जाए तथा इसके लिए अधिकारी अपनी ड्यूटी का सही तरीके से निर्वहन करें। किसानों की फसलों में हुए नुकसान का सही आंकलन करके रिपोर्ट देना सुनिश्चित करें। एसडीएम शुक्रवार को लघु सचिवालय परिसर में उपमंडल के राजस्व अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अधिकारी ओर कर्मचारी गांवों रबी फसलों में हुए नुकसान के सही आंकलन के लिए गांवों में मौके पर जाकर पता लगाएं। फसलों की सही तरीके से गिरदावरी कराई जाए ताकि किसान को नुकसान का मुआवजा मिल सके। उन्होंने कहा कि कार्यालयों में आने वाले किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता से निपटाना सुनिश्चित करें ओर कार्यालयों में नकल, फर्द के लिए उनको कोई समस्या आड़े ना आने दी जाए। यहां तहसीलदार योगेश कुमार, उपतहसीलदार प्रदीप कौशिक, कानूनगो रमेश कुमार, अनील कुमार सहित अनेक पटवारी व राजस्व विभाग से जुड़े कर्मचारी मौजूद थे।
ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों के मुआवजे की मांग
बवानीखेड़ा। बवानीखेड़ा क्षेत्र के किसानों ने शुक्रवार को ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों के मुआवजे को लेकर तहसीलदार के नाम ज्ञापन सौंपकर उचित मुआवजा दिलाने जाने की मांग की है। किसान ओमपाल, अनूप, रामबीर सिंह, नरेंद्र, पवन, सरोज, रणधीर, बिरजू, रविंद्र, कृष्ण, बिजेंद्र, सतबीर, बलजीत, सुरेश आदि किसानों ने बताया कि उनका रकबा सुंदर नहर ब्रांच के मोगा नंबर 5640 एल पर पड़ता है। उन्होंने बताया कि 11 मार्च को शाम के समय बारिश व ओलावृष्टि आने से गेहूं, सरसों व सब्जी की फसलें बिल्कुल खराब हो गई हैं। उन्होंने बताया कि वे सब खेती बाड़ी पर ही निर्भर करते हैं। किसानों की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में अधिकारियों से मांग की गई कि उनकी फसलों का मौका देखा जाए और उनकी खराब हुई फसल का उचित मुआवजा दिलाया जाए। इस अवसर पर यशपाल, सुरेंद्र, मुकेश, अशोक, श्रीराम, सोनू, नरेंद्र, मुकेश, यशपाल, कृष्ण कुमार आदि किसान मौजूद थे।