- Hindi News
- National
- Kosli News Haryana News Kosli Mla Gave Message To Save Water By Playing Holi With Sandalwood And Tilak
कोसली विधायक ने चंदन व तिलक से होली खेलकर जल बचाने का दिया संदेश
कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव के नाहड़ रोड स्थित कार्यालय में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर सौहार्द से चंदन व तिलक होली खेलते हुए जल बचाने का संदेश दिया गया। विधायक लक्ष्मण ने कहा कि होली का पर्व सब बैर-भाव व दुश्मनी भुलाकर एक होने का पर्व है। होली के रंग में जिस प्रकार सभी एक समान दिखाई देते हैं, उसी प्रकार हम सभी को भी ऊंच-नीच, अमीर-गरीब व जात-पात से ऊपर उठकर एकजुट होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भारत पर्वों का देश है।
हमारी संस्कृति व सभ्यता में पर्वों का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि होली का पर्व हमें एक साथ रहने व साथ मिलकर आगे बढ़ने का भी संदेश देता है। उन्होंने होली के पर्व पर सभी से जल बचाने का संदेश देते हुए कहा कि दुनिया में जिस तरह पानी की कमी हो रही है, उससे हम सभी का दायित्व बनता है कि हम होली का पर्व फूलों, चंदन व मात्र गुलाल से ही खेलें। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ श्यामाप्रसाद मुखर्जी व भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया गया। इस मौके पर काफी संख्या में गणमान्य लोग व पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।