- Hindi News
- National
- Kurukshetra News Haryana News Ku Administration Suspended Teaching And Public Dealing Till 31 March
केयू प्रशासन ने 31 मार्च तक किया टीचिंग व पब्लिक डीलिंग सस्पेंड
कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी प्रशासन ने कोरोना वायरस के चलते राज्य उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेशों के बाद 31 मार्च तक टीचिंग और कर्मचारियों के लिए पब्लिक डीलिंग को सस्पेंड कर दिया। बता दें कि केयू कैंपस में करीब 10 हजार विद्यार्थी पढ़ रहे हैं। वहीं रोजाना सैकड़ों की संख्या में कर्मचारियों के पास भी काम करवाने के लिए प्रदेशभर से विद्यार्थी व उनके अभिभावक पहुंचते हैं। शुक्रवार को केयू कुलपति डॉ. केसी शर्मा ने बैठक कर निर्देश दिए कि राज्य सरकार के आदेशानुसार विश्वविद्यालय में 31 मार्च तक कोई शैक्षणिक गतिविधि नहीं होगी। कुलपति ने कहा कि इस दौरान पुस्तकालय व हॉस्टल बंद रहेंगे, लेकिन विद्यार्थी ई-रिसोर्स के जरिए ऑनलाइन अपने शिक्षकों से बातचीत कर अपनी पढ़ाई जारी रख सकते हैं। सभी शिक्षक व कर्मचारी निर्धारित समयानुसार अपने विभागों में ही रहेंगे, लेकिन कोई भी सामूहिक गतिविधि सेमिनार व कांफ्रेंस नहीं होगी। इसके साथ ही दूरवर्ती शिक्षा निदेशालय की ओर से घोषित की पीसीपी कक्षाओं को भी स्थगित कर दिया है। केयू में रविवार को होने वाली पीएचडी की प्रवेश परीक्षा व खेल विभाग में चल रही विशेष परीक्षाओं के शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं किया गया है। ये परीक्षाएं अपने निर्धारित शेड्यूल के अनुसार ही होंगी। केयू प्रवक्ता डॉ. अशोक शर्मा ने कहा कि कोरोना वायरस के चलते केयू प्रशासन ने उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से आए निर्देशों के अनुसार अधिसूचना जारी की है। सभी कर्मचारी व शिक्षक अपने-अपने विभागों में हाजिर रहकर विभागीय कार्यों को निपटाएंगे।