- Hindi News
- National
- Bhiwani News Haryana News Line Blockage Blocked Near Green Belt Of Sector 23
सेक्टर 23 की ग्रीन बेल्ट के पास लाइन लीकेज से रास्ता अवरुद्ध
भगत सिंह चौक से बिट्स स्कूल तक के मार्ग पर सेक्टर 23 स्थित ग्रीन बेल्ट के नजदीक सीवर ओवर फ्लो होने से सड़क व साथ लगती ग्रीन बेल्ट में पानी जमा हो रहा हैं। इससे जहां सेक्टर 23 के निवासियों का रास्ता अवरूद्ध हो रहा है वहीं ग्रीन बेल्ट की दीवार भी गिरने वाली है। दो पहिया वाहन चालकों व पैदल चलने वालों का यहां से निकलना मुश्किल हो गया है। पानी जमा रहने से सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और गड्ढे बने हुए हैंं। सेक्टर 23 निवासियों ने प्रशासन से सीवर लाइन की समस्या का समाधान कर रोड निर्माण के कार्य में तेजी लाने की मांग की है।
भगत सिंह चौक से महम रोड तक जाने वाला मार्ग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त है। इस मार्ग का निर्माण कार्य पिछले सप्ताह ही शुरू किया गया हैं लेकिन एक स्थान पर सीवर मैन होल से पानी निकलकर सड़क पर जमा हो रहा हैं, इससे सेक्टर 23 के पास रोड के साथ लगती ग्रीन बेल्ट में पानी जमा हो रहा है। सेक्टर 23 एसोसिएशन के प्रधान महेंद्र सिंह श्योराण, ओमप्रकाश धारिवाल, मान सिंह, डॉ. रणधीर सिंह आदि ने बताया कि समस्या के कारण सेक्टरवासियों का रोड से निकलना मुश्किल हो रहा हैं। प्रतिदिन यहां से चार से पांच हजार व्यक्ति गुजरते है।
पानी जमा होने से रोड टूट गया है और दोपहिया वाहन चालकों में यहां से निकलते समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। गंदा पानी जमा होने से आसपास के लोगों का जीना दूभर हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से समस्या के जल्द समाधान की मांग की है।