- Hindi News
- National
- Kurukshetra News Haryana News Lnjp Building Collapses Again Two Patients Injured Many Narrowly Escaped
एलएनजेपी की बिल्डिंग का फिर गिरा छज्जा दो मरीज हुए जख्मी, कई लोग बाल-बाल बचे
जिला अस्पताल की मौजूदा खस्ताहाल हो चुकी बिल्डिंग हर वक्त मरीजों और स्टाफ के लिए खतरा बनी है। शुक्रवार को एलएनजेपी में एक बड़ा हादसा होने से टल गया। अस्पताल का छज्जा भरभरा कर गिर पड़ा। मलबे की चपेट में आने से दो मरीज जख्मी हो गए। जबकि कई लोग बाल-बाल बचे। इससे पहले भी अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग का छज्जा गिर चुका है। उसके बाद अस्पताल प्रशासन ने छज्जों के साथ लगती जगह में रस्से लगाए थे। ताकि उनके नीचे कोई खड़ा न हो सके। इस बिल्डिंग की जगह नई बिल्डिंग बननी है, लेकिन नए अस्पताल के शुरू होने में देरी के चलते पुरानी बिल्डिंग को लेकर प्रपोजल अटका है। इसे नए सिरे से बनाने के दावे लंबे समय से हो रहे हैं।
शुक्रवार को ओर्थों व फिजिशियन की ओपीडी के बाहर मरीज लाइन में लगे थे। साथ ही अल्ट्रासाउंड सेंटर के बाहर भी मरीज खड़े थे। अंदर डॉक्टर मरीजों को चेक कर रहे थे। इसी बीच अचानक से छज्जे का एक हिस्सा नीचे आ गिरा। गनीमत रही कि ज्यादा मलबा नीचे लगे शेड पर गिरा। यहां धूप व बारिश से बचाने के लिए कुछ समय पहले ही शेड लगाए गए थे।
सन 83 की बिल्डिंग:अब खस्ताहाल : जिला अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग खस्ता हाल हो चुकी है। एक दिन बारिश होती है तो अस्पताल की बिल्डिंग तीन दिन तक टपकती है। ऐसे में मरीजों के साथ स्टाफ भी दिक्कत झेलता है। पिछले दिनों चल रही बरसात के कारण जर्जर छज्जे में दरार आई। सन 1983 में 50 बेड का भवन बना था।
नया शुरू हो तो पुराने की सुध : अस्पताल परिसर में 100 बेड की नई बिल्डिंग बन चुकी है, लेकिन अभी तक यहां कामकाज शुरू नहीं हो पाया है। जब तक नया अस्पताल शुरू नहीं होता, तब तक पुरानी बिल्डिंग की सुध नहीं ले सकते। पुरानी बिल्डिंग पर दूसरे फेस में काम होना है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लज्जाराम का कहना है कि एक सप्ताह के भीतर अस्पताल नई बिल्डिंग में शिफ्ट हो जाएगा। पुरानी बिल्डिंग की जगह भी नई बिल्डिंग 100 बेड के हिसाब से बननी है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक इसका प्रपोजल सरकार को भेजा है। सिविल सर्जन डॉ. सुखबीर सिंह का कहना है कि पुरानी बिल्डिंग पर दूसरे फेस में काम होगा। बिल्डिंग के नक्शे को लेकर पीडब्ल्यूडी विभाग को लिखा गया है।
50 करोड़ का अस्टिमेट-पांच मंजिला : नई बिल्डिंग में अस्पताल शुरू होने के बाद पुरानी बिल्डिंग की जगह नई बिल्डिंग बनाने का प्रपोजल है। यहां करीब पांच मंजिला भवन बनना है। इसके अलावा एक बेसमेंट भी होगा। जिस पर करीब 50 करोड़ की लागत आनी है। हालांकि अभी तक इस प्रपोजल को मंजूरी नहीं मिली है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. एनपी सिंह के मुताबिक नई बिल्डिंग भी आधुनिक तरीके से होगी।
विधायक भी कर चुके दावा : विधायक सुभाष सुधा भी दावा कर रहे हैं कि पुरानी की जगह नई बिल्डिंग बननी है। विस बजट सत्र में भी वे यह मुद्दा उठा चुके हैं। सुधा के मुताबिक एलएनजेपी अस्पताल को 300 बेड का बनाने की योजना है। जिसे चरणबद्ध तरीके से तैयार किया जाएगा।
ओलावृष्टि ने बढ़ाई किसानों की चिंता गेहूं व सब्जियों की फसल तबाह
कुरुक्षेत्र | पिछले तीन चार दिन से हो रही बारिश ने किसानों की परेशानी को बढ़ा दिया है। गुरुवार देर रात व शुक्रवार दोपहर बाद हुई बारिश व ओलावृष्टि से किसानों की गेहूं व सब्जी की फसल खराब होने की कगार पर है। कृषि विभाग कार्यालय में बेमौसमी बारिश से खराब हुई फसल के मुआवजा आवेदन को लेकर किसानों की लाइन लगी रही। बूंदाबांदी के चलते अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 23 डिग्री, न्यूनतम तापमान 12 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम में आद्रता 59 प्रतिशत व हवा की गति 16 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। पिछले एक पखवाड़ा से मौसम के उतार-चढ़ाव ने किसानों को परेशानी में डाला है। ओलावृष्टि के कारण गेहूं, सरसों, सब्जियों भारी नुकसान हुआ था। मौसम विशेषज्ञों ने शनिवार को बारिश होने की संभावना जताई है। रविवार को मौसम साफ रहेगा। उसके बाद सोमवार को फिर से बादल छाएंगे।
अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग का गिरा छज्जा, बाल-बाल बचे मरीज।
अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग का गिरा छज्जा